हत्या का आरोपी जेल दाखिल, हैंडपम्प चलाने के लिए कहने पर हुआ था विवाद

अंबिकापुर। लुण्ड्रा थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आपसी ने वाद-विवाद के दौरान आवेश में आकर टांगी से पैर में गंभीर चोट पहुंचाया था। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी सहित अन्य सामानों को पुलिस ने जप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करेसर पहाड़पारा निवासी रामसाय दिवान, वर्तमान ठिकाना ग्राम पटोरा जोबलापारा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 29 मार्च को वह अपने रिश्ते के भाई संजय के कहने पर बुधसाय के घर संजय को छोड़ने गया था। इस दौरान बुधसाय और राकेश के कहने पर दोनों को अपने मोटरसायकल में बैठाकर ग्राम करेसर ले गया। बुधसाय अपने हाथ में टांगी रखा था। इसके बाद वह बुधसाय और राकेश को बस्ती तरफ ले जा रहा था। गाड़ी चलाते समय उसके आंख में मक्खी घुस गया तो हैंडपम्प के पास गाड़ी को रोक दिया और बुधसाय को हैंडपम्प चलाने के लिए कहा। बुधसाय हैंडपम्प चला दिया, तब राकेश भी पानी पीने के लिए बुधसाय को हैंडपम्प चलाने के लिए कहा, जिससे वह नाराज होकर गाली गलौज करने लगा। राकेश भी गाली देते हुए बुधसाय को धक्का दे दिया, जिससे नाराज होकर बुधसाय आवेश में आकर राकेश के पैर में टांगी से गंभीर चोट पहुंचा दिया। राकेश जमीन में गिर गया, तो उसे इलाज के लिए धौरपुर अस्पताल ले गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर करने पर राकेश को लेकर वे जिला अस्पताल अंबिकापुर गए। यहां इलाज के दौरान राकेश की मृत्यु हो गई। रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था।

मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करके आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर बुधसाय उर्फ जीबलाल घासी 60 वर्ष, निवासी ग्राम पटोरा करंजपारा को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने टांगी से वार करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, आरक्षक सतीश, राजकुमार यादव, इबनुल खान, वीरेंद्र खलखो, अनिल पैकरा, रामसाय नागेश सक्रिय रहे।

 

Categorized in: