गंभीर स्थित में निजी अस्पताल में चल रहा उपचार, पुत्र ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

अंबिकापुर। बुलेट सवार तीन युवकों सहित सात लोगों ने कार पंचर होने पर खड़े होकर पुत्र के आने का इंतजार कर रहे अंबिकापुर निवासी एक व्यक्ति से गालीगलौज करते हुए जमकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। घायल व्यक्ति का गंभीर स्थिति में शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर नाका खालपारा निवासी संतलाल सिंह 14 मार्च को अपने पैतृक ग्राम खड़गवांकला कार क्रमांक सीजी 10 एबी 8933 से गए थे। गांव से वापस आते समय करीब 5.30 बजे सकालो मण्डी के पास कार पंचर हो गया था। इसके बाद वे फोन करके अपने पुत्र तुषार सिंह को लेने के लिए बुलाए थे। स्कूटी लेकर जब उनका पुत्र सकालो धान मण्डी के पास गया तो वहां 4 लोग पहले से खड़े थे, जो उसके पिताजी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बीच बुलेट मोटरसायकल में गोविंद, विनोद प्रजापति व एक अन्य सवार होकर पहुंचे, वे भी संतलाल के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे और उठाकर सड़क में पटक दिए, जिससे उनके मुह एवं सिर के पीछे तरफ से खून निकलने लगा और वे बेहोश हो गए। मारपीट के बाद घायल की स्थिति देखकर सभी वहां से भाग गये। इसके जानकारी तुषार अपने चाचा अजय सिंह को फोन करके दिया और वे मौके पर गाड़ी लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति में पिता को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना करने के बाद जब तुषार अपनी स्कूटी से घर जाने लगा, तो मारपीट में शामिल बुलेट मोटरसायकल में सवार फिर से लौटकर आए और गाली-गलौज करते हुए थाना में केस करने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी देकर चले गए। घायल संतलाल सिंह को प्राथमिक चिकित्सा के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रेफर करने पर जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया है, यहां ब्रेन का ऑपरेशन चिकित्सकों की टीम ने किया, लेकिन वह कोमा से उबर नहीं पाए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: