क्रूरतापूर्वक गाय-बैल का मुंह, गर्दन, पैर बांधकर ले जा रहे थे, पुलिस ने वाहन जप्त किया
अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के सनावल थाना अंतर्गत पिकअप में क्रूरतापूर्वक 11 नग गौ वंश को कत्लखाना ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। पिकअप वाहन का पुलिस पीछा भी कर रही थी, लेकिन आरोपी गौ वंश से भरी पिकअप को खेत के रास्ते में छोड़कर भागने में सफल हो गए। पुलिस ने घटना में शामिल पिकअप वाहन को जप्त करके मवेशियों को आजाद कराया।
सनावल थाना क्षेत्र के बरवाही निवासी बुद्धिनारायण गुप्ता पिता स्व. बुंदेली गुप्ता 47 वर्ष ने सनावल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 16 मार्च को अलसुबह मवेशी तस्कर पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 03 एके 1604 में गाय-बैल, बछड़ा को लोड करके वध करने क्रूरतापूर्वक बुचड़खाना झारखण्ड ले जाने की सूचना रामचन्द्रपुर पुलिस ने मोबाइल फोन पर दी थी। इसकी सूचना पर वे ग्रामीणों के साथ बरवाही आनन्दपुर कच्ची रोड से होते नाला की ओर आ रहे थे, तो उन्होंने देखा कि रामचन्द्रपुर पुलिस थाने की टीम एक पिकअप वाहन का पीछा कर रही है। डुबका नाला के पास ग्रामीणों को देखकर पिकअप वाहन का अज्ञात चालक वाहन को सड़क से उतारकर गेहूं खेत में ले गया और वाहन को छोड़कर भाग गया। ग्रामीण जब पिकअप के पास गए तो डाला में निर्दयतापूर्वक 11 गाय, बैल को रस्सी से मुंह, गर्दन, पैर बांधकर रखा गया था, जिसमें 09 गाय बछिया व 2 बछड़ा थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने पिकअप वाहन को जप्त कर लिया है और आरोपियों के तलाश में लगी है।

Categorized in: