पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस ने किया केस दर्ज
अंबिकापुर। प्रतापपुर थाना अंतर्गत 9 माह पूर्व डबरी निर्माण कार्य के दौरान पेड़ गिरने से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत के मामले में रायपुर के मोवा थाना पुलिस से मर्ग डायरी मिलने के बाद प्रतापपुर थाना पुलिस ने निर्माण एजेंसी व मजदूर के विरूद्ध भादंसं की धारा 304(ए), 34 का मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में ग्राम सरहरी में मनरेगा योजना के तहत निर्माण एजेन्सी के द्वारा डबरी निर्माण कार्य कराया जा रहा था। 17 जून 2024 को यहां गांव की ही श्रीमति पुष्पा आयम पति दशरथ आयम 48 वर्ष मजदूरी करने गई थी। मजदूर लुरका कोडाकु व निर्माण एजेन्सी के दिलबोधन सिंह, श्याम लाल व अन्य के द्वारा मौके पर लापरवाही पूर्वक किए जा रहे कार्य के दौरान डबरी में लगा पेड़ गिर गया, जिसके चपेट में पुष्पा आयम आ गई थी। महिला को श्री बालाजी हास्पिटल दुबे कॉलोनी मोवा रायपुर लाया गया, यहां वह दम तोड़ दी थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना थाना पंडरीतरई मोवा रायपुर को 18.06.2024 को दी गई थी, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम करके मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया था। चिकित्सक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका पुष्पा आयम के मृत्यु का संभावित कारण पेड़ कटकर गिरने से सिर में आई गहरी चोट से होना चिकित्सक ने बताया था। प्रतापपुर थाने की पुलिस ने मर्ग डायरी की प्राप्ति के बाद मौका निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शी रामजीत राम, आनन्द सिंह, प्रेमसाय पैकरा, धरमपाल कोड़ाकु का कथन लिया तो सामने आया कि मृतिका मनरेगा योजना अंतर्गत डबरी निर्माण कार्य में लगी थी, इस दौरान मजदूर लुरका कोडाकु व निर्माण एजेन्सी के दिलबोधन सिंह, श्याम लाल व अन्य के द्वारा किए जा रहे लापरवाही पूर्वक कार्य के दौरान डबरी में लगा पेड़ गिर गया था, जिसके चपेट में वह आ गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। प्रतापपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: