रायपुर । राजधानी रायपुर में एक बार फिर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पुलिस ने भरतपुर–सोनहत विधायक  के बेटे लक्की सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार–सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अग्रसेन धाम के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि कार में विधायक पुत्र लक्की सिंह सहित दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे के समय कार लक्की सिंह चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया। वहीं कार में सवार अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए। तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गाड़ी सरगुजा निवासी युवक की
पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस कार से हादसा हुआ वो सरगुजा के कौशलपुर निवासी जयप्रकाश उपाध्याय की है। फिलहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Categorized in: