अंबिकापुर। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने रिंग रोड स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव (सीएसए) विद्यावती टोप्पो की कार्य के दौरान पिछले वर्ष हुई हत्या के लगभग 10 महीने बाद उनके परिजनों को 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की है।

मैनपाट के सैला रिसोर्ट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में एचपीसीएल के महाप्रबंधक समीर एक्का और मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अर्नब चटर्जी ने मृतका के पिता हीरालाल उरांव तथा माता सुमंती को 20 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर महाप्रबंधक समीर एक्का ने कहा कि सीएसए हमारे परिवार का महत्वपूर्ण सदस्य है, जो हर समय और हर परिस्थिति में ड्यूटी करता है। सीएसए के परिवार को यह अनुग्रह राशि पारिवारिक सदस्य की सहायता के रूप में दी जा रही है।

कार्यक्रम में मृतका की आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर एचपीसीएल परिवार द्वारा श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह ने, आभार प्रदर्शन संदीप त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर एचपीसीएल के अधिकारी, नंगे पांव सत्याग्रह के राजेश सिंह सिसोदिया, मृतका की बहन सविता टोप्पो सहित अन्य परिजन, अंबिकापुर विक्रय के डीलर तथा कस्टमर सेल्स एक्जक्यूटिव बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Categorized in: