मध्यप्रदेश से आए पीड़ित 2 लाख की चपत से आहत, फरियाद लेकर पहुंचे एसपी कार्यालय

अंबिकापुर। शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये नकद और एक लाख रुपये के जेवरात लेकर लड़की को नहीं भेजने और मोबाइल चोरी करके ले जाने का मामला सामने आया है। चार दिनों से भटक रहे पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से इसकी लिखित शिकायत करके आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की है।

शिकायतकर्ता रामकली लोधी, पति अर्जुन लोधी, निवासी ग्राम दुरीटियापार, थाना करसुवार, जिला छतरपुर मध्य प्रदेश ने पुलिस अधीक्षक के नाम दिए गए आवेदन में बताया है कि, उनके पुत्र तुलसीदास लोधी का विवाह 3/05/2026 को सरगुजा जिला के लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम जमगला निवासी एक लड़की से शिव मंदिर में हुआ था। इस विवाह को सम्पन्न कराने में जमगला के सेन दंपति ने मुख्य भूमिका निभाई थी। विवाह कराने के नाम पर सेन दंपति ने उनसे एक लाख रुपये नकद लिया और अतिरिक्त एक लाख रुपये से जेवर खरीदकर लड़की को पहनाया। विवाह के बाद लड़की उनके घर ग्राम बूढ़ीश्यामर, पंचायत मानकी आकर तीन दिन तक घर में रही। चौथे दिन रात में लड़की शौच जाने का बहाना बनाकर घर से निकली और लौटकर नहीं आई।

लड़की के तलाश में जब वे जुटे तो पता चला कि, कुछ लोग गुप्त रूप से उसे बम्होरी से उसे लेकर चले गए हैं। यह पता नहीं चल सका कि उसे कौन लेने आया और किस कारण वो चली गई। जब उनका पुत्र तुलसीदास लड़की को लेने उसके घर गया तो लड़की ने आने से मना कर दिया। साथ ही लड़की के घर वालों ने 50 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि पहले पैसे दो, तभी लड़की को भेजेंगे। इस प्रकार सेन दंपति द्वारा विवाह के नाम पर धोखाधड़ी कर आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़ित परिवार ने सुनियोजित ठगी के इस मामले में संबंधितों के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं अन्य उपर्युक्त धाराओ के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करने, नकद रकम एवं खरीदे गए जेवरात वापस दिलाने और तथा अन्य हुए नुकसान की भरपाई कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि कोई और इनके झांसे में न आए।

Categorized in: