रायपुर – छत्तीसगढ़ में इस बार विधानसभा के मानसून सत्र में जमकर हंगामा होने के आसार हैं। मानसून सत्र के लिए विधायकों ने 996 सवाल लगाए हैं। यह सत्र 14 से 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। राज्य सरकार को करीब डेढ़ साल हो गए हैं, इसलिए माना जा रहा है कि इस बार भाजपा सरकार में हुई गड़बड़ियों के सवाल को प्रमुखता से उठाया जाएगा। मानसून सत्र में सरकार को घेरने के लिए इस बार मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पास मुद्दों की कमी नहीं है। किसानों को खाद-बीज की समस्या, कानून व्यवस्था, शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण, पेड़ की कटाई, अवैध रेत उत्खनन और परिवहन, शराब की अवैध बिक्री, CGMSC दवा खरीदी आदि मुद्दों पर सवाल लगे हैं। रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कारिडोर यानी भारतमाला परियोजना पर भी सदन गरमा सकता है।

भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार के कामकाज को लेकर कई सवालों के अलावा चर्चा के दौरान विभागों में चल रही गड़बड़ियों पर सवाल उठाएगा। कांग्रेस के शीर्ष संगठन द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद सदन में सरकार को घेरने विपक्ष तैयारी कर रहा है। आने वाले दिनों में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इसकी रणनीति तय होगी।

राज्य सरकार कई विधेयक पेश भी कर सकती है, जिसमें राजस्व, आवास एवं पर्यावरण विभाग के विधेयक आने की संभावना है। वहीं राज्य सरकार द्वारा अन्य विषयों पर भी विधेयक लाया जा सकता है। सत्र के दौरान राज्य सरकार अनुपूरक बजट भी ला सकती है।

Categorized in: