चिलचिलाती धूप में कांग्रेसजनों ने किया चक्काजाम, तख्तियां लेकर बैठे सड़क पर

अंबिकापुर। शहर में अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम की जर्जर सड़क, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट, बजबजाती नालियों की सफाई जैसे मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को संगम चौक पर चक्काजाम किया। चिलचिलाती धूप में 4 बजे से चक्काजाम शुरू हुआ। ‘बिजली कटने से लोग परेशान और बिल बढ़ता जा रहा हैÓ, ‘रोड हमारा बन नहीं पा रहा है, कहो मंजूषा मजा आ रहा हैÓ जैसे स्लोगन के बोर्ड लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने संगम चौक पर चक्काजाम की शुरूआत की। चक्काजाम स्थल पर पहुंचने वाले नागरिकों को मैलोडी चॉकलेट बांटकर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ट्रिपल इंजन की सरकार में समस्याओं को भूल जाने और तकलीफों के साथ जीने का संदेश दिया। इन सबके बीच विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 2 दिन का वक्त मांगते हुए व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। निगम और पीडब्ल्यू के अधिकारियों ने 1 सप्ताह में सड़कों के सुधार का आश्वासन दिया है।

चक्काजाम से नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि नागरिक हित के लिए मजबूरन यह प्रयास करना पड़ रहा है। आवश्यकता होने पर कांग्रेस और बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सभास्थल पर मौजूद अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों के लिए 20 करोड़ रुपये दिये थे वो कहां हंै। विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि आप लोगों की कमीशनखोरी और विद्युत लाइन में घटिया किस्म के उपकरणों के उपयोग के कारण शहर में विद्युत आपूर्ति की हालत दयनीय हुई है। चक्काजाम स्थल पर एनएच के अधिकारियों के नहीं आने के कारण उन्होंने एनएच का कार्यालय घेरने की चेतावनी दी है, साथ ही महामाया चौक से गुरुद्वारा तक गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के लिए भी कहा है। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेसजन व नागरिक उपस्थित रहे। इन समस्याओं को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष श$फी अहमद ने 18 मई को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन दिया था। इसके उपरांत भी स्थिति को सुधारने में सकारात्मक पहल नहीं होता देख आज के चक्काजाम का निर्णय लिया गया था।

समस्याओं को नागरिकों पर थोपा

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि राज्य और निगम में कांग्रेस की सरकार शानदार कार्य कर रही थी, लेकिन भाजपा ने कोई कार्य नहीं होने का झूठ फैलाकर, धोखे की सरकार बनाई और आज वो अपने ही फैलाये हुए जाल में फंस गई। नागरिकों पर समस्याओं को थोप दिया। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा अगर महापौर का अधिकारियों पर बस नहीं चल रहा है तो उन्हें तत्काल इस्तीफा देकर शहर के विकास की रुकावट को दूर करना चाहिए। उन्हें महिला होने और आदिवासी होने का विक्टिम कार्ड खेलना बंद कर देना चाहिए।

ट्रिपल इंजन सरकार का नियंत्रण नहीं

निगम में नेता प्रतिपक्ष श$फी अहमद ने कहा कि अधिकारियों के गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण शहर को काफी तकलीफ झेलनी पड़ रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार के नेतृत्व का नियंत्रण भी इन पर नहीं रहा है। अंबिकापुर की महापौर का हाल का प्रलाप इसका साक्षात उदाहरण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ट्रिपल इंजन की सरकार ने नागरिक समस्याओं का तत्काल निराकरण नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। चक्काजाम के दौरान विद्युत विभाग, निगम, पीडब्लूडी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद थे।

कमीशनखोर सरकार की विदाई जरूरी

निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने कहा कि शहर की स्थिति को सुधारने के लिए अगर कानून हाथ में लेना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे। सरकार की कमीशनखोरी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली विभाग वाले जानबूझकर शहर की विद्युत आपूर्ति चौपट किये हुए हैं। इसका कारण भाजपा राज में उन्हें अपने वेतन पर भी मंत्रियों को कमीशन देना है। इसी कारण वे भी चाहते हैं कि जल्द से जल्द यह कमीशनखोर सरकार विदा हो।

Categorized in: