अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम परेवा के नजदीक मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश युवकों ने कृषक वासुदेव यादव को गोली मार दी। गोली उनके पेट और हाथ में लगी है। गंभीर अवस्था में उन्हें अंबिकापुर के मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कृषक बासुदेव यादव ,शंकरगढ़ जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष सुखु यादव के भाई व युवक कांग्रेस बलरामपुर के जिलाध्यक्ष बृजेश यादव के चाचा हैं। हमलावरों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार मूलतः ग्राम परेवा निवासी कृषक बासुदेव यादव के परिवार के सदस्यों ने परसाढोढ़ी गांव के समीप टमाटर की खेती की है। खेती देखने परिवार के सदस्यों का आना-जाना लगा रहता है। शनिवार को बासुदेव यादव के साथ उनके दो भतीजे टमाटर की खेती देखने गए थे। शाम लगभग छह बजे तीनों अलग – अलग मोटरसाइकिल से खेत से घर वापस लौट रहे थे। सबसे आगे उनका भतीजा एक मोटरसाइकिल पर था। उसके पीछे कृषक बासुदेव यादव अपनी मोटरसाइकिल में थे। उसी दौरान सामने से मोटरसाइकिल से दो नकाबपोश युवक आए। इसमें से एक युवक ने कृषक बासुदेव यादव को गोली मार दी। नजदीक से दो गोली मारी गई। एक गोली उनके पेट और सीने के बीच में लगी। दूसरी गोली उनके हाथ में लगी। गोली लगते ही कृषक बासुदेव यादव अनियंत्रित होकर गिर गए। दूसरी मोटरसाइकिल से उनके भतीजे संजू यादव तत्काल मौके पर पहुंच गए। इधर गोली मारने के बाद दोनों युवक तेजी से भाग निकले। घायल कृषक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ में भर्ती कराया गया। यहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। एक गोली फंसे होने की संभावना है। हमलावरों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। खबर है कि हमलावरों ने घटना में नई मोटरसाइकिल का उपयोग किया था। घटनास्थल पर उन्होंने कृषक का संभवतः इंतजार भी किया था। मौका मिलते ही उन्होंने गोली चला दी।आशंका जताई जा रही है की घटना के बाद वे शंकरगढ़ होते फरार हुए हैं। शंकरगढ़ से जगिमा होते पस्ता को जोड़ने वाली सड़क पर मोटरसाइकिल के लावारिस स्थिति में मिलने की भी खबर है।हालांकि अधिकृत रूप से पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस की अलग – अलग टीमों को हमलावरों की खोजबीन में लगाया गया है।
आखिर किसको निशाना बनाना चाह रहे थे हमलावर
घायल कृषक बासुदेव यादव के भतीजे व युवक कांग्रेस बलरामपुर के जिलाध्यक्ष बृजेश यादव ने बताया कि घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। किसी से कोई विवाद भी नहीं है। उनका कहना है कि परिवार के अन्य सदस्य भी खेत देखने आना-जाना करते है।ऐसे में आरोपित किसको निशाना बनाना चाह रहे थे,यह जांच का विषय है।

Categorized in: