राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
अंबिकापुर। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान सरगुजा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय में डॉ. शिव कुमार त्रिपाठी भूतपूर्व प्राचार्य राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अध्यक्षता एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल प्रशिक्षु आईपीएस के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के मौके पर नशामुक्ति, यातायात, साइबर अपराध एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति भगवान और मां सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। महाविद्यालय के छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के औचित्य पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने यातायात, साइबर अपराध एवं नशे की लत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को हम सभी को आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भूतपूर्व प्राचार्य डॉ. शिव कुमार त्रिपाठी ने छात्र -छात्राओं को संयमित एवं अनुशासित जीवन जीने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यातायात के प्रावधानों को बताने के साथ स्वयं पालन करना ही एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। पुष्य मित्र मल्तियार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंदों एवं महिलाओं को दी जाने वाली सेवाओं के संबंध में विस्तार से बताया।
नवा बिहान के संयोजक मंगल पाण्डेय ने युवाओं के सशक्तिकरण में नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। नशामुक्ति एवं सामाजिक बदलाव में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि अनुशासन मानव जीवन का मूल मंत्र है। इस पर यदि हम काम करें तो समस्या रहित समाज का निर्माण करने में अपना योगदान दे सकेंगे। वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने कहा कि युवाओं में आक्रामकता या फिर अकर्मण्यता का बढ़ता प्रतिशत चिन्ता का विषय है, ये दोनों प्रवृत्ति घातक हैं। इससे बाहर निकलने का माध्यम, ध्यान, योग, विवेक युक्त ज्ञान अच्छे लोगों का संगत है, जो उपयोगी जीवन का आधार बना सकता है। बीके विद्या बहन ने आध्यात्म और वर्तमान जीवन को सुसंगत करते हुए सारगर्भित उद्बोधन दिया। अतिथियों का आभार प्रदर्शन प्राध्यापिका पूजा दुबे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाओं, बीएड प्रथम वर्ष तथा डीएलएड प्रथम वर्ष के समस्त प्रशिक्षणार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

Categorized in: