राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत चालक-परिचालकों को किया गया जागरूक
अंबिकापुर। सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थाओं के बस चालक, परिचालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने एवं जिले के सभी शिक्षण संस्थाओं के स्कूल बसों की औचक जांच करने हेतु पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल के निर्देशन में आवश्यक दस्तावेज सहित बसों की जांच की गई। जांच में पाई गई खामियों को तत्काल दुरुस्त करने हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत के नेतृत्व में शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा पुलिस लाइन ग्राउंड में सभी बस चालकों, परिचालकों को एकत्रित करके आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विभिन्न जांच किए गए।
शिविर के दौरान जिले भर में शिक्षण संस्थाओं में उपयोग हो रहे लगभग 49 चालक, परिचालक बस सहित उपस्थिति हुए। मौके पर 12 पुलिस वाहन के चालक भी उपस्थित रहे। संयुक्त टीम द्वारा बसों की बारीकी से जांच कर वाहनों की फिटनेस, सीसीटीवी, इमरजेंसी गेट, लाइट, इंडिकेटर, वाइपर, फर्स्ट ऐड बॉक्स सहित अग्निशमन की व्यवस्था को चेक किया एवं बसों में पाई गई खामियों को तत्काल दुरुस्त कर बस चालन करने के निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की सहायता से नेत्र जांच की सुविधा सहित अन्य चिकित्सीय सुविधा मौके पर उपलब्ध कराई गई थी, जिसमें कुल 61 बस चालकों, परिचालकों ने भाग लिया गया। यातायात पुलिस टीम ने शहर की यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु टोपेज़ में बस खड़ी कर बच्चों को उतारने एवं रोड क्रॉस कराने हेतु परिचालक को समझाइश दी। रैश ड्राइविंग की सूचना हेतु संस्था प्रभारी का मोबाइल नंबर बस में बड़े-बड़े अक्षरों में अंकित करने कहा गया। साथ ही वाहनों से प्रेशर हॉर्न एवं हाईलोजन लाइट निकलवाकर वाहन चालकों को तय मानक अनुसार लाइट एवं हॉर्न लगाने निर्देशित किया गया। यातायात पुलिस टीम द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात संकेतकों की जानकारी देकर शिविर का समापन किया गया। शिविर के दौरान नेत्र विशेषज्ञ डॉ. श्रुति, चिकित्सा अधिकारी पुलिस लाइन हॉस्पिटल डॉ मयंक शर्मा, आरटीओ निरीक्षक पंचम सिंह, सहायक उप निरीक्षक निशिकांत एक्का, नेत्र सहायक लक्ष्मण गुप्ता, अमित नापित, राजेंद्र जायसवाल, प्रधान आरक्षक जितेंद्र यादव, लैब टेक्नीशियन दिलीप खलखो, आरक्षक उमेश्वर सिंह, सुनील कुमार, शिवप्रताप सिंह, अमन पुरी लालमान सिंह, स्टाफ नर्स दीपशिखा रंजन शामिल रहे।

Categorized in: