अंबिकापुर। मेडिकल दुकान के आड़ में नार्कोटिक्स पदार्थों का अवैध व्यापार करने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके कार सहित 07 लाख रुपये का कफ सिरप एवं खाली नार्कोटिक्स दवाओं का रैपर व शीशी जप्त किया है। आरोपी स्विफ्ट कार में नारकोटिक्स औषधियों को रखकर अवैध व्यापार करने में लगा था। आरोपी के स्विफ्ट कार से काफी मात्रा में कफ सिरप, खाली नार्कोटिक्स दवाओं के रैपर व शीशी को पुलिस ने जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक थाना गांधीनगर पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सिद्धि विनायक मेडिकल स्टोर का संचालक संदीप कुमार चौहान अपने प्रतिष्ठान में नशे का इंजेक्शन व सिरप बिक्री करता है। पुलिस मेडिकल स्टोर के संचालक को तलब करके पूछताछ की तो सामने आया कि संदीप कुमार चौहान पिता शरन साय 34 वर्ष, निवासी ग्राम जामढोढ़ी थाना मैनपाट, वर्तमान में गांधीनगर थाना क्षेत्र के राजेन्द्रनगर में बिजली ऑफिस के पास रहकर अपने भाई के साथ सिद्धि विनायक मेडिकल स्टोर का संचालन फुन्दुरडिहारी में करता है। उसने 30 मार्च की शाम को एजेंसी से अपने कार क्रमांक सीजी 13 यूजी 9338 में 100 नग कॉफर सी नामक कोडिन कफ सिरप खरीदकर लेकर आने और उसमें से 05 पीस बेचने, बाकी का कफ सिरप को कार में रखने की जानकारी दी। पूछताछ में उसने पूर्व में कई बार नशीला कफ सिरप व इंजेक्शन का सेवन करना बताया। इसके बाद पुलिस टीम संदीप कुमार चौहान को साथ लेकर सिद्धि विनायक मेडिकल दुकान फुन्दुरडिहारी पहुंची और मेडिकल स्टोर के बगल में रोड पर खड़ी कार क्रमांक सीजी 13 यूजी 9338 की डिक्की की तलाशी ली तो एक कार्टून डिब्बा में भरा कॉफर-सी कोडिन फास्फेट एण्ड ट्राईपोलिडिन हाईड्रोक्लोराइड सिरप 100 एमएल 95 नग मिला। इसके अतिरिक्त खाली नार्कोटिक्स दवाओं के रैपर व शीशी मौके से बरामद किए गए, जिससे दवा दुकान के आड़ में नार्कोटिक्स औषधियों के अवैध व्यापार का पर्दाफास हुआ। आरोपी के द्वारा 22-सी एनडीपीएस एक्ट का अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने सील बंद सिरप की शीशी 95 नग, अल्प्राजोलम टेबलेट व अल्प्राफिट 0.5 का खाली रैपर 03 नग, कॉफर-सी कोडिन फास्फेट एण्ड ट्राईपोलिडिन हाईड्रोक्लोराइड सिरप 100 एमएल का 02 खाली शीशी, एविल फेनिरामाइन मैलिएट इंजेक्शन 10 एमएल का 02 खाली वॉयल, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जप्त किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना गांधीनगर से उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह, आरक्षक राहुल सिंह, विकास सिंह, अमृत सिंह, रमन मण्डल, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।  

Categorized in: