छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के न्यायमूर्ति ने किया वर्चुअल शुभारंभ


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने गुरूवार को अंबिकापुर के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में ई-हियरिंग सुविधा का वर्चुअल फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके साथ छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में ई-हियरिंग से सुनवाई भी शुरू हो गई है, इससे बलरामपुर-रामानुजगंज जिला सहित दूर-दराज इलाकों के पक्षकारों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इन्हें लम्बी दूरी तय करके अब सुनवाई की तिथि में अंबिकापुर नहीं आना पड़ेगा। ये वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। उद्घाटन के मौके पर न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों, अधिवक्ता संघ और पक्षकारों को बधाई देते हुए कहा कि ई-हियरिंग की सुविधा से अब सरगुजा जिला व आयोग से जुड़े जिला के उपभोक्ताओं के प्रकरणों की सुनवाई में तेजी आएगी। पक्षकारों के मामले का त्वरित निराकरण संभव होगा, समय और संसाधनों की बचत होगी। यह सुविधा सरगुजा के सुदूर क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की आसान पहुंच प्रदान करेगा। ई-हियरिंग की सुविधा उपभोक्ताओं के लिए न्याय प्रक्रिया को और सरल बनाएगी। न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया ने आगे कहा कि प्रदेशभर के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोगों को ई-हियरिंग की सुविधा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने 11 अप्रैल 2024 को घोषणा की थी, और आज लक्ष्य को प्राप्त करते हुए 11वें जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की, इस सुविधा के बाद परिवादी के परिवाद का 3 से 5 माह के अंदर निराकरण संभव होगा, जनता का विश्वास आयोग के प्रति बढ़ेगा। आम जनता अपनी शिकायतों को फार्मेट में भरकर मामला दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने इसकी जानकारी मजदूर, किसान सहित सभी वर्ग तक पहुंचे, इसका आव्हान किया। उद्घाटन समारोह में वर्चुअल माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य आयोग के सदस्य प्रमोद वर्मा, रजिस्ट्रार श्रीनिवास तिवारी, संयुक्त रजिस्ट्रार श्रीमती मोना चौहान, लेखा अधिकारी मधुलिका यादव, जिला उपभोक्ता आयोग रायपुर के अध्यक्ष डाकेश्वर शर्मा, सदस्य नीरूपमा प्रधान, असिस्टेंट प्रोग्रामर बृजकिशोर सिंह, जिला न्यायालय अंबिकापुर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील चतुर्वेदी, संजय अम्बष्ट, प्रशांत शंकर त्रिपाठी, पी.एन. दुबे, कीर्ति दुबे, जे.पी. गुप्ता, लक्ष्मी सिन्हा सहित काफी संख्या में पक्षकार, अधिवक्ता एवं आयोग के कर्मचारी ऑनलाइल और ऑफलाइन उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद बीमा संबंधी मामले में हुई पहली सुनवाई
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग अंबिकापुर के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि ई-हियरिंग की सुविधा उपभोक्ताओं के लिए राहत भरा कदम है। दूर-दराज क्षेत्रों के उपभोक्ता वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं, उन्हें अंबिकापुर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा इस प्रक्रिया के शुरू होने से अधिवक्ताओं को भी सहूलियत होगी, वे अपने चेम्बर से ही सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया सहित अन्य के वर्चुअल मौजूदगी में बीमा संबंधित मामले की सुनवाई शुरू की, इस दौरान आयोग के सदस्य नवनीकान्त दत्ता और श्रीमती अर्चना सिन्हा भी डेस्क पर मौजूद थे। पक्षकार जितेन्द्र कुमार पाण्डेय की ओर से अधिवक्ता संजय अम्बष्ट और चोला मण्डलम जनरल इंश्योरेंस कम्पनी की ओर से अधिवक्ता प्रशांत शंकर त्रिपाठी वर्चुअल माध्यम से सुनवाई में उपस्थित रहे।

Categorized in: