दो शातिर अपराधियों और 01 खरीददार को गिरफ्तार करके पुलिस ने 8 चोरियों का किया पर्दाफास

अंबिकापुर। शहर में सिलसिलेवार हुई 8 चोरियों के मामलों का पर्दाफास करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास पुलिस टीम ने 9 लाख रुपये का सामान जप्त किया है। मामले में एक खरीददार को भी पुलिस गिरफ्तार की है। शातिरों ने 5 दोपहिया वाहन चोरी की घटना सहित 3 सूने मकानों से चोरी करना कबूला है, जिसे पुलिस जप्त कर ली है। मुख्य आरोपी राहुल उ$र्फ सुमित अपराधी प्रवृत्ति का और थाना गांधीनगर इलाके का गुंडा, बदमाश है, इसके विरुद्ध पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हंै। वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के बसदेई थाना अंतर्गत ग्राम गंगौटी बासपारा की मोनिका साहू ने गांधीनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह जिला अस्पताल में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट का काम करती है, और अपना घरेलु एवं जरुरत का सामान जायका रेस्टोरेंट अंबिकापुर के सामने गली में अपने परिचित के किराए के रूम में रखी थी। 25 जुलाई को सुबह मकान मालिक ने फोन करके किराए के रूम का दरवाजा खुला रहने और सामान अस्त-व्यस्त पड़े रहने की जानकारी दी। सूचना पर जब वह कमरे में पहुंची तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखा डेल कंपनी का लैपटाप, चार्जर, पंखा, एक जोड़ी पायल, दो सोने का लॉकेट, पांचवीं से उच्च शिक्षा का अंकसूची, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक व एटीएम व चेकबुक तथा जिला अस्पताल का अनुभव प्रमाण पत्र सहित काला रंग का बैग व इसमें रखा कपड़ा गायब था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4),305 (ए) बी.एन.एस का अपराध पुलिस ने पंजीबद्ध किया था।


चोरी की बढ़ती घटनाओं को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने थाना गांधीनगर पुलिस टीम को आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने प्राप्त सूचना पर संदेही राहुल उर्फ सुमित लकड़ा पिता पुनीत लकड़ा 24 वर्ष, निवासी गांधीनगर शिवमंदिर के पास, अमृत नागवंशी पिता सोनसाय नागवंशी 27 बर्ष निवासी आस्ता बाजारपारा जिला जशपुर को कब्जे में लिया। पूछताछ करने पर इन्होंने खुद को मजदूर बताया, और नशा की पूर्ति करने के लिए चोरी करना स्वीकार किया। इन्होंने बताया कि 24 जुलाई की रात को दोनों चोरी करने की नियत से सूनसान घर तलाश रहे थे। रात करीब 12 बजे जायका रेस्टोरेंट के सामने गली में एक सूने मकान में ताला लगा हुआ नजर आया, आसपास सन्नाटा होने का फायदा उठाकर वे रूम का ताला तोड़कर एक लैपटाप व उसका चार्जर, टेबल पंखा, चांदी का पायल एक जोड़ी, एक सोने का लॉकेट, काले रंग के बैग में रखा अंकसूची, बैंक का पासबुक, एटीएम, चेक बुक एवं 03 बैग जिसमें कपडा रखा था, लेकर पूर्व में चोरी किए गए स्कूटी से भाग गए। चोरी किए गए सामान को आदतन अपराधी राहुल उर्फ सुमित अपने घर में रखा था। कुछ सामान को बेचने के लिए वे ग्राहक तलाश रहे थे। पकड़े जाने के भय से टेबल पंखा व कुछ दस्तावेज को रात के समय दोनों घूमते-फिरते फंेक दिए थे। आरोपी के निशानदेही पर चोरी किया गया सामान पुलिस ने राहुल के घर से बरामद किया है।

तुर्रापानी में भी सूने मकान का तोड़ा ताला
इसके पूर्व आरोपी राहुल उर्फ सुमित लकड़ा एवं अमृत नागवंशी तुर्रापानी सिंह कॉलानी में 26 जुलाई की रात में सूनसान घर का ताला रॉड से तोड़कर एक टीव्ही, होम थिएटर, गैस सिलिंडर, स्मार्ट वॉच, लैपटाप, 02 नग सोने का लॉकेट चोरी किए थे। घर में नकद रकम इन्हें नहीं मिला था। चोरी किए गए सामान को आरोपी राहुल उर्फ सुमित लकड़ा अपने घर में ही छिपाकर रखा था, जिसे ग्राहक नहीं मिलने के कारण बेचने की मंशा पूरी नहीं हो पाई।

चोरी के पैसे से चुकाया उधार, करते रहे मौज-मस्ती
आरोपी राहुल उर्फ सुमित 19 जुलाई की रात को करीब 2 बजे अकेले ही राहुल कॉलोनी सुभाषनगर से एक लाल रंग का एक्टिवा स्कूटी चोरी किया, जिसे अपने घर में छुपाकर रखा था। 25 जुलाई की रात करीब एक बजे राहुल सुभाषनगर संजय कॉलोनी में किराए के मकान के सामने बाहर खड़ी बजाज पल्सर एनएस 200 कमांक सीजी 14 एमएन 7375 को चोरी करके अपने घर में ही छिपाकर रखना बताया। 29 जून को रात करीब 12.30 बजे राहुल एवं अमृत नागवंशी मिलकर होली क्रॉस के गेट के पीछे एक किराए के कमरा का ताला तोड़कर पेटी के अंदर रखे पर्स में रखा 500-500 रुपये का नोट, करीब 15 हजार रुपये और एक प्लास्टिक फाइल में रखा अंकसूची, आधार कार्ड, पेन कार्ड चोरी करके रुपये का बंटवारा करना और अपने-अपने हिस्से का पैसा उधारी चुकाने, घूमने-फिरने और खाने पीने में खर्च करना बताए। फाइल में रखे दस्तावेज को आरोपी सुभाषनगर में ही कचरा के ढेर में फेंक दिए थे। 11 जुलाई को अलसुबह करीब 3 बजे आरोपी राहुल और अमृत ने संजय कॉलोनी में स्थित चांदनी ब्यूटी पार्लर गली से एक रूम के बाहर खड़ी स्कूटी की चोरी की थी, जिसे अमृत नागवंशी अपने पास रखा था। पुलिस ने स्कूटी को खुले हालत में बरामद किया है।

चोरी की मोटरसायकल से किए कैलाश गुफा की सैर
आरोपी राहुल और अमृत 22 जुलाई को रात करीब 1.30 बजे दोनों आरोपियों ने दिशा कॉलोनी सुभाषनगर से एक पल्सर मोटरसायकल एनएस 160 चोरी किया और उस मोटरसायकल से कैलाश गुफा घूमने गए थे। घूमने फिरने के बाद वापस जहां से चोरी किए थे, वहां छोड़ दिए। 14 जुलाई को रात करीब एक बजे राहुल और अमृत ने राजेन्द्र नगर लकड़ापारा से एक पल्सर मोटरसायकल एनएस 125 चोरी किया, और घूमने-फिरने के बाद मोटरसायकल में खराबी आने व चलने में परेशानी होने पर गांधीनगर तालाब, पार्क के पास लॉक करके छोड़ दिया था। राहुल उर्फ सुमित एवं अमृत नागवंशी सभी चोरी के सामान को बेचने के फिराक में थे और लगातार ग्राहक तलाश रहे थे।

इन सामानों को बरामद करने में पुलिस हुई सफल
पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ सुमित के कब्जे से एक डेली कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, अंकसूची, अनुभव प्रमाण पत्र, पासबुक, चेक बुक, बैग, साड़ी, दो सोने का लॉकेट, दो पल्सर मोटरसायकल क्रमांक सीजी 16 सीएस 7702, सीजी 14 एमएम 7375 एवं स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीयू 7345, एक टीव्ही, होमथिएटर, लैपटॉप, गैस सिलिंडर, एक स्मार्ट वार्च, काला गोल्डन और सफेद रंग का लेडिज पर्स बरामद किया है। आरोपी अमृत नागवंशी के पास से टीव्हीएस एनटोर्क स्कूटी जप्त किया गया है। राहुल ने चोरी किए गए लैपटॉप को यशवंत दोहरे को बेचा था, जिसे आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने यशवंत दोहरे पिता शिवरान दोहरे 22 वर्ष,  निवासी बिजली ऑफिस के पीछे राजेन्द्रनगर गांधीनगर से बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए), 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त 01 वाहन एवं 01 चोरी किए गए पल्सर को जप्त किया गया है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक मेबीस ज्योत्स्ना खाखा, प्रधान आरक्षकों में रुस्तम सोनवानी, अमित प्रताप सिंह, सतीश उपाध्याय, बंधु राम सारथी, आरक्षक अतुल शर्मा, रमन, राहुल सिंह, बृजेश राय, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Categorized in: