अंबिकापुर। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करके जान से मारने की धमकी देने, गाली-गलौज और मारपीट करने एवं आर्म्स एक्ट के मामले में थाना दरिमा एवं साइबर सेल पुलिस टीम ने आरोपी को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा शासकीय सेवक के साथ मारपीट की गई थी, और लोहे का चापड़ दिखाकर भयभीत कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का चापड़ एवं घटना में प्रयुक्त हैरियर वाहन जप्त किया है। पुलिस का कहना है, आरोपी आदतन बदमाश किस्म का है, इसके विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हंै। आरोपी का नाम पूर्व से गुंडा बदमाश के रूप में दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, तहसील दरिमा रा.नि.मं. सोहगा के ग्राम कंठी पटवारी हल्का नंबर 03 में प्रकाश मंडल पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। 22 अप्रैल को 2.55 बजे वे अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे, चौकीदार भज्जूदास भी उनके साथ कार्यालय में काम कर रहा था, इसी दौरान जितेन्द्र कुजूर उर्फ मोनू कार्यालय में आया और पटवारी से आरआई सोहगा का नम्बर मांगा। आरआई सोहगा का नंबर देने पर जितेंद्र उर्फ मोनू ने पटवारी पर अपने मोबाइल से फोन लगाकर बात कराने कहा। जब पटवारी ने अपने फोन से बात कराने से मना किया, और स्वयं के मोबाइल से बात कराने कहा तो जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू आवेश में आ गया और गाली-गलौज करते हुए झूमाझपटी पर उतारू हो गया और करते हुए जानलेवा हमला करते हुए हाथ मुक्का व कार्यालय में रखे कुर्सी से हमला कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने कार से चाकू लेकर आया और पटवारी व चौकीदार को दौड़ाया, जिसे देखकर दोनों वहां से भाग गये। मामले में रिपोर्ट पर थाना दरिमा में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा-221, 132, 296, 351 (3), 115(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके जांच, विवेचना में लिया था।

मामला संज्ञान में आने पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करके आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विवेचना के दौरान थाना दरिमा पुलिस टीम ने आरोपी जितेन्द्र उर्फ मोनू कुजूर पिता स्व. पुरसोत्तम कुजूर 30 वर्ष निवासी ग्राम सोहगा, खर्रापारा थाना दरिमा को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने पटवारी के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और हेरियर कार क्रमांक सीजी 15 ईए 1158 को जप्त कर लिया है। प्रकरण में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट जोड़कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी आदतन अपराधी किस्म का है, इसके विरूद्ध थाना दरिमा में कई अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम पूर्व से गुण्डा बदमाश के रूप में दर्ज है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह, थाना दरिमा से आरक्षक अखलेश यादव, सुरेश यादव, भूपेंद्र सिंह, अशोक कुजूर, रंजीत गुप्ता सक्रिय रहे।

 

पटवारी संघ ने की कार्रवाई की मांग

घटना की खबर मिलते ही पटवारी संघ लामबंद हो गया है। पटवारी संघ के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल के नेतृत्व में दर्जनों पटवारियों ने कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं और ऐसे माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। संघ ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। शहर में आरोपी का जुलूस निकाला जाए, ताकि कानून का खौफ कायम हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरिमा पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया है। पुलिस ने पीड़ित पटवारी की शिकायत पर आरोपी जीतेंद्र कुजूर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। इधर संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि, शासकीय सेवक के साथ उसके दफ्तर में घुसकर इस तरह की मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

Categorized in: