जेवर दुकान के संचालक सहित अन्य आरोपियों से 1.30 लाख का सामान बरामद

अंबिकापुर। सूने मकान से चोरी करने के मामले में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने खरीददार समेत 04 आरोपियों को गिरफ्तार करके 01 लाख 30 हजार रुपये का जेवरात जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक अनिल कुमार दास निवासी बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 04 फरवरी को पूरा परिवार अपना घर बंद करके जगरनाथपुरी दर्शन करने गए थे। 05 फरवरी को उसका बड़ा भाई सुदामा फोन करके बताया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। सूचना पाकर जब वह वापस घर आया तो घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर घुसकर देखा तो घर का समान अस्त-व्यस्त था और अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी के अंदर रखा 01 सोने का चैन, 01 नग बच्चों का चांदी का कड़ा, 01 नग सोने का लॉकेट, 01 नग सोने का नाक का नथनिया, 01 जोड़ी चांदी का पायल, 01 नग चांदी का कड़ा, 02 नग सोने का अंगूठी कुल कीमत लगभग एक लाख 30 हजार रुपये एवं नकदी पैसा नहीं था। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(ए), 3(5), 317(2) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज करके पुलिस ने विवेचना में लिया। दौरान विवेचना पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के संदेही को तलाशा। पुलिस टीम ने संदेही अतुल तिग्गा उर्फ अक्की पिता आनंद तिग्गा 20 वर्ष और सत्यदीप तिग्गा उर्फ टका पिता कालाबेर तिग्गा 21 वर्ष व राजा लकड़ा पिता सूर्या लकड़ा 20 वर्ष, सभी निवासी विशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा थाना गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी किया गया सामान गोरसीडबरा नाला के पास से बरामद किया गया। इनके द्वारा चोरी किए गए जेवर को दुकान संचालक कमल सोनी को बेचना बताया गया। पुलिस टीम ने आरोपी जेवर दुकान के संचालक कमल सोनी पिता गया प्रसाद सोनी 52 वर्ष निवासी ब्रह्म रोड को को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो वह चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। आरोपी कमल सोनी के विरूद्ध चोरी की संपत्ति को अपराधिक दुर्विनियोग के नियत से खरीदना पाए जाने पर धारा 3(5), 317 (2) बीएनएस जोड़ा गया है। प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, आरक्षक कुंदन पाण्डेय, रमन मण्डल, राहुल सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: