मोटरसाइकिल चोरों के निशाने में शासकीय व निजी अस्पताल

अंबिकापुर। शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल व एक निजी अस्पताल के पार्किंग से मोटरसाइकिल चोरी का मामला प्रकाश में आया है। मामले में गांधीनगर व कोतवाली थाना पुलिस ने पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर लिया है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पार्किंग के नाम पर वसूली तो चल रही है, लेकिन मोटरसाइकिल चोरी जैसी परिस्थितियों में पल्ला झाड़ने का काम किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक कोरिया जिला के बैकुण्ठपुर, मंडलपारा निवासी रामलखन ने पुलिस को बताया है कि उसका बौरीपारा अंबिकापुर में ससुराल है। बीते 20 अप्रैल को उसे ससुराल से ससुर बबलू चेरवा का जिला अस्पताल अंबिकापुर में निधन होने की सूचना मिली थी, जिस पर वह अपने भाई रामदेव का मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीए 9109 लेकर अंबिकापुर आया था। मोटरसाइकिल को जिला अस्पताल परिसर के पार्किंग में वह 10 रुपये का पर्ची कटाकर खड़ा किया था, इसके बाद स्वजनों से मिलने अस्पताल के अंदर दोपहर दो बजे के लगभग चले गया। एक घण्टे बाद बाहर निकला तो मोटरसाइकिल पार्किंग में खड़ा किए गए स्थल पर नहीं थी। काफी पूछताछ और तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चला, मौके पर वाहन पार्किंग का पर्ची काटने वाले भी नहीं थे। दूसरे दिन पार्किंग का पर्ची काटने वाली महिला से मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने पर उसने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि हम लोग दो बजे के बाद चले जाते हैं। एक अन्य मामले में लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला निवासी सुदर्शन प्रसाद प्रजापति का होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 एपी 5092 को 10.30 बजे रात्रि से 22 अप्रैल की सुबह छह बजे के बीच मासूम अस्पताल गंगापुर के पार्किंग से अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया, सुबह जब वह बाहर निकला तो मोटरसाइकिल नहीं थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: