मेयर-इन-कौंसिल की बैठक में 25 एजेंडे पर विचार विमर्श

अंबिकापुर। नगर पालिक निगम के प्रशासनिक भवन में मेयर-इन-कौंसिल की बैठक बुधवार को हुई। बैठक में प्रभारी आयुक्त टीसी अग्रवाल व महापौर डॉ. अजय तिर्की की उपस्थिति में 25 एजेंडे पर विचार-विमर्श करके निर्णय लिया गया। सर्व सहमति से संपत्ति कर, समेकित कर बढ़ाने व निगम क्षेत्रांतर्गत स्थापित दुकानों व संस्थानों के व्यापार अनुज्ञप्ति लाइसेंस लागू करने के एजेंडे को विचारोपरांत स्थगित कर दिया गया। वहीं गंगापुर में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को बस स्टैंड के पास देखे गए स्थल पर स्थानांतरित करने सहमति बनी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद ने शहर के 48 वार्डों की जिम्मेदारी नगर निगम के एक एसडीओ पर होने से काम का अत्यधिक भार पड़ने की ओर ध्यानाकर्षण कराया। उन्होंने महापौर को बताया कि निगम में दो एसडीओ प्रदीप पैकरा व दुष्यंत बजाज हैं। प्रदीप पैकरा के पास 48 वार्डों की जिम्मेदारी है, जिससे उन पर काम का भार अधिक रहता है। ऐसे में 24-24 वार्डों की जिम्मेदारी का विभाजन दोनों एसडीओ को करने का सुझाव उन्होंने दिया। इसके अलावा पीएचई से एक टेक्निकल एसडीओ निगम को मिले, इस पर जोर दिया। उन्होंने कहा एक एसडीओ के जाने के बाद निगम को दूसरा एसडीओ नहीं मिल पाया है। इस प्रस्ताव पर आने वाले गर्मी के मौसम में कम वर्षा से पेयजल की दिक्कत को देखते हुए टेक्निकल बाधाओं को दूर करने पीएचई से टेक्निकल एसडीओ लेने सहमति बनी। शफी अहमद ने कहा कि इसके लिए प्रशासनिक अधिकार निगम आयुक्त के पास है। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने क्रमवार एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नगर निगम में आयुक्त के द्वारा पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों की 10 पदों पर पदोन्नति की गई है। वर्तमान में नगर निगम में लगभग 30 पद रिक्त हैं। लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद, एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा सहित अन्य ने पदों की पूर्ति के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके शासन को भेजने कहा। गोधनपुर चौक का नाम मिलन चौक रखने निगम को मिले एक पत्र पर विचार-विमर्श के बाद एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि चौराहों का नामकरण महापुरूषों के नाम पर किया जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के सलाहकार समिति से चर्चा के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया और प्रकरण को अगले एमआईसी में प्रस्तुत करने कहा गया। वॉॅटर पार्क के खाली जगह को किराए में किड्स कार, जंपिंग मिक्की माउस सहित अन्य मनोरंजन का साधन लगाने के लिए देने के एजेंडे पर नियमानुसार अधिकतम 15 प्रतिशत जगह देने की सहमति बनी। वॉटर पार्क का दायरा 17 एकड़ का है। इसमें से 15 प्रतिशत जमीन देने पर निगम को कितना आय होगा, इसका निर्धारण करने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने लोक निर्माण विभाग के प्रभारी ने कहा। उन्होंने कहा इस जगह का उपयोग शादी-विवाह के प्रयोजन में भी किया जा सकता है। शासकीय भूमि आबंटन पर चर्चा करते हुए पुलिस थाना मणिपुर के लिए शासकीय जमीन देने पर सहमति बनी। अन्य मामलों में मौका निरीक्षण के बाद किसी प्रकार का निर्णय लेने के लिए कहा गया।एलईडी विज्ञापन के लिए प्राप्त आफर दर की स्वीकृति के परिपे्रक्ष्य में महापौर डॉ. अजय तिर्की ने संज्ञान में लाया कि निगम के द्वारा इसके लिए निर्धारित की गई राशि से तीन से चार गुना ऑफर दर प्राप्त हुए हैं। सर्वाधिक दर जिसके द्वारा भरा गया था, उसके द्वारा किसी कारणवश इस कार्य के इच्छुक नहीं हैं। ऐसे में इनकी जमानत राशि को राजसात करते हुए दूसरे क्रम के ऑफर को स्वीकार किया जाता है, इस पर सभी ने अपनी सहमति दी। इसी प्रकार अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
सामुदायिक भवनों के देखरेख के लिए परित्याक्ता, विधवा महिलाओं को दें प्राथमिकता
शहर में बने विभिन्न सामुदायिक भवनों की देखरेख की जिम्मेदारी परित्याक्ता, विधवा महिलाओं को देने का सुझाव लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद ने दिया, इसका समर्थन महापौर कौंसिल के अन्य सदस्यों ने भी किया। सदस्यों ने सामने लाया कि देखरेख के अभाव में कुछ सामुदायिक भवनों की स्थिति बदतर हो रही है। ऐसे सामुदायिक संस्थानों को बचाने की पहल होनी चाहिए। इसका खाका तैयार करने के लिए निगम के राजस्व विभाग प्रभारी विजय कुजूर को जिम्मेदारी दी गई है। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि ध्यान यह रखना होगा कि जिस वार्ड/मोहल्ले में सामुदायिक भवन है, उसके देखरेख के लिए उसी वार्ड की परित्यक्त, विधवा महिला के समूह को इसकी जिम्मदारी दी जाए। ऐसे में वे अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे और स्वच्छता भी बनी रहेगी।

Categorized in: