00 कल मतदान के लिये प्रशासन तैयार
सूरजपुर।विधानसभा चुनाव के लिए आज से प्रचार खत्म होते ही प्रत्याशी घर घर दस्तक देने निकले है।शुक्रवार को मतदान होना है ,जिसके लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी कर ली गई है।मतदान दल गुरुवार की सुबह से अपने अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाएंगे।बुधवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था।नगर में कांग्रेस का तो अता पता नही था पर भाजपा ने जहाँ रोड शो किया और बाइक रैली निकाल कर माहौल बनाने की कोशिश की तो वहीं बाजार में एक नुक्कड़ सभा को भी सम्बोधित किया।सभा खत्म होते ही भाजपा प्रत्याशी घर घर दस्तक देते सक्रिय दिखे।प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में इस बार त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति है।जिसमे भाजपा ,कांग्रेस के साथ गोंगपा भी अपनी उपस्थिति मजबूत किये हुए है।ऐसे में ऊंट किस करवट बैठेगा यह आने वाले वक्त में पता चलेगा पर यहां कांटे का मुकाबला दिखाई पड़ रहा है।प्रतापपुर व भटगांव में भी कमोवेश यही स्थिति है।
00 आईटीआई से सुबह 6 बजे मतदान सामग्री का होगा वितरण
आज आईटीआई भवन पर्री से सुबह 6 बजे मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। जिसके लिए ड्यूटी में लगाये गये मतदान दल के लोग सुबह 5 बजे ही अपनी उपस्थिति वहां दर्ज करेंगे। इसके पश्चात मतदान अधिकारी,पीठासीन अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करेंगें और अपने सेक्टर अधिकारी और जोनल अधिकारी को रिपोर्टिंग करेंगे। इसके उपरांत वो मतदान सामग्री लेकर मतदान केंद्र की ओर रवानगी करेंगे। विधानसभा वार मतदान केंद्र के लिए लगभग 150 बसें खड़ी होगीं। जो कि निर्धारित किए गए रूट के आधार पर मतदान दल  को लेकर रवाना होगीं।
00 163 लोगो ने किया डाक मत…
अनिवार्य सेवा के मतदाता, सेक्टर आफिसर, निर्वाचन कार्य में संलग्न विभिन्न दल के अधिकारी, कर्मचारी, माइक्रो आर्ब्जवर एवं अन्य जिले में पदस्थ एवं सुरक्षाकर्मी के रूप में ड्यूटी में तैनात रहने वाले के लिए जिला सुविधा केंद्र में आज डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया गया। जिसके तहत आज विधानसभा प्रेमनगर (04) से 77, भटगांव (05) से 73 व प्रतापपुर (06) से 13 अर्थात कुल 163 मतदाताओं ने डाक मतपत्र द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 423 मतदाताओं ने डाक मतपत्र द्वारा मतदान किया।
00 इन पहचान पत्रों से कर सकेंगे वोटिंग
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को मतदान केन्द्रों में वोट देने के लिए पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिसके लिए मतदाता एपिक कार्ड के अलावा आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक व डाकघर द्वारा जारी फोटोग्राफ युक्त पास बुक, श्रम मंत्रालय द्वारा स्वास्थ्य बीमा स्कीम के तहत जारी स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (आरजीआई) द्वारा नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) के अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोग्राफ युक्त पेंशन दस्तावेज एवं केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, पीएसयूएस, पब्लिक लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी को जारी किया गया। फोटोग्राफ युक्त सेवा पहचान पत्र व एमपीएस, एमएलएएस, एमएलसीएस को जारी किया गया आधिकारिक पहचान पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी यूडीआईडी कार्ड मतदान केन्द्र में प्रस्तुत कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।

Categorized in: