भिलाई। ED ने दुर्ग के होटल सागर इंटरनेशनल के मालिक विजय अग्रवाल के दीपक नगर स्थित घर में दबिश दी है। वहां 3 इनोवा में सुबह 6 बजे टीम पहुंची है, जिसमें सीआरपीएफ के जवान भी शामिल है। इस ग्रुप के अलग-अलग नाम से कई फर्म है। इस ग्रुप के परिवार से जुड़े सदस्यों को छत्तीसगढ़ में भी पिछली सरकार में इस ग्रुप ने मिड डे मील का एक बड़ा काम लिया था। वहीं रेल नीर घोटाला में भी इस परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगे थे। हालांकि तीन भाईयों के इस परिवार में अब बंटवारा हो चुका है, लेकिन प्रारंभिक कार्रवाई में अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस ग्रुप के किस भाई के ठिकानों पर ईडी ने रेड मारी है या तीनों भाईयों को ईडी ने अपनी रडार में लिया है। बता दें कि इसी परिवार का रायपुर में एक बड़ी होटल कोर्टयार्ड मैरियट भी है।

मनी लान्ड्रिंग से जुड़ा मामला
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आर्थिक लेन-देन और बेनामी संपत्ति की जांच के तहत की जा रही है। प्रदेश में अलग अलग घोटाले में ED की टीम जांच कर रही है। यह कार्रवाई किस घोटाले के संबंध में हुई है। इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है।

कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में बढ़ी सरगर्मी
विजय अग्रवाल के घर हुई ताजा कार्रवाई के बाद दुर्ग-भिलाई के कारोबारी जगत और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल ईडी ने रेड के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, आर्थिक लेनदेन या किसी पुराने आर्थिक अपराध से जुड़ी जांच का हिस्सा हो सकती है।

पिछले हफ्ते ED की कार्रवाई
4 जुलाई को भिलाई के कारोबारी सौरभ आहूजा के बड़े भाई को पूछताछ के लिए रायपुर ईडी कार्यालय बुलाया गया था। ईडी को संदेह है कि जयपुर में शादी समारोह की आड़ में सौरभ आहूजा ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने लोगों को बुलाया था फिलहाल ED की टीम सौरभ की तलाश कर रही है। 5 जुलाई को रायपुर में सोना तस्करी सिंडिकेट पर कार्रवाई करते हुए ईडी ने दो संदिग्ध – सचिन केदार और पुरुषोत्तम कावले की 3.76 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी।

Categorized in: