नौतपा के तीसरे दिन भी हुई बारिश, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की एक्टिविटी बनी हुई है। बारिश के कारण ज्येष्ठ के महीने में जहां तपिश की स्थिति रहती थी वहीं इस वर्ष नौतपा में लगातार बारिश होने के कारण छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट का टाइगर पॉइंट अपने शबाब पर है। झरने का दृश्य और भी मनमोहक हो गया है। 50 फीट से भी ज्यादा ऊंचाई से पानी गिरने व चट्टान से टकराकर फुहारे में तब्दील होने से इसकी खूबसूरती और बढ़ जा रही है।
मौसम विभाग का मानना है कि इस वर्ष समय से 10 दिन पूर्व लगभग 4-5 जून के अंदर मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर जाएगा। मानसून की पूर्व एक्टिविटी के कारण पिछले 5 दिनों से दोपहर के बाद बारिश हो रही है। यह स्थिति अभी आने वाले कुछ दिनों तक बनी रहेगी। बारिश व बीच-बीच में निकल रही धूप के कारण उमस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि लगातार बारिश होने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान 32 व 23 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि 25 मई से नौतपा चल रहा है। मंगलवार को नौतपा के तीसरे दिन भी बारिश के कारण मौसम ठंडक लिए रहा। बारिश पर नजर डालें तो 7 दिनों में 65 मिमी से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि यह प्री-मानसून की बारिश है, आने वाले 4-5 जून के बीच मानसून आने की उम्मीद है। इस वर्ष नौतपा से राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत, 4 झुलसे
सरगुजा के मैनपाट में 27 मई, मंगलवार को तेज गरज व चमक के साथ हुई बारिश के बीच मैनपाट के ग्राम बरिमा के पकरीपारा में घर पर आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, दो बेटी व मां झुलस गए। सभी को नर्मदापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली सांझी लाल माझी 35 वर्ष के घर पर गिरी। सभी को तत्काल नर्मदापुर अस्पताल ले जाया गया, यहां चिकित्सक ने सांझी लाल को मृत घोषित कर दिया। गाज की चपेट में आने से मृतक की पत्नी सधाई 32 वर्ष, पुत्री बबली 11 वर्ष, अमरीकन 8 वर्ष और मां सुखनी 55 वर्ष झुलस गई। इन्हें नर्मदापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनका उपचार चल रहा है।

Categorized in: