अंबिकापुर। म्यूल अकाउंट में लाखों रुपये का लेनदेन करने के मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गांधीनगर थाना पुलिस ने नमनाकला निवासी एक व्यक्ति के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
मामला साइबर ठगी में उपयोग में किए गए म्यूल एकाउंट से जुड़ा है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से डॉ. ध्रुव गुप्ता पुलिस महानिरीक्षक, साइबर क्राइम पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा वैधानिक कार्रवाई हेतु पत्र एवं एसओपी भेजकर सरगुजा पुलिस अधीक्षक को साइबर ठगी में उपयोग किए गए म्यूल अकाउंट के खाताधारक व गिरोह से इनकी संलिप्तता की जानकारी दी गई थी और इनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के लिए कहा गया था। इसके बाद पुलिस ने म्यूल एकाउंट के खाताधारक सुधीर कुमार शर्मा पिता नरेश चन्द्र शर्मा निवासी शारदा धाम के पीछे, नमनाकला अंबिकापुर के विरूद्ध धारा 318(4), 319(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी, साइबर सेल सरगुजा ने तत्संबंध में अपराध दर्ज करने के निर्देश थाना प्रभारी गांधीनगर को दिए थे। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ग्रामीण इरानाकुलम केरला सहित 04 शिकायतों में देश के अलग-अलग राज्य से ऑनलाइन साइबर ठगी की राशि कुल 16 लाख 5 हजार रुपये सुधीर कुमार शर्मा के खाते में प्राप्त होने की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई है। बैंक एकाउंट के स्टेटमेंट का अवलोकन करने पर पुलिस ने पाया कि सुधीर कुमार शर्मा के बैंक खाता का सुनियोजित तरीके से अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से उपयोग ऑनलाइन साइबर ठगी हेतु संबंधित खाता धारक गिरोह के द्वारा किया गया है।

Categorized in: