पुलिस 24 घंटे के अंदर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजी  

अंबिकापुर। नशेड़ी युवक ने जमीन-जायदाद की बात करते हुए पहले तो अपने ही चाचा के घर के सामने खड़े होकर रुपये तत्काल नहीं देने पर खून की नदी बहाने की धमकी दी, बाद में घर से दुकान जाने मोटरसाइकिल से निकले चाचा पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घायल का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।  

स्टेशनरी दुकान का संचालन करने वाले नमनाकला निवासी राहुल चौबे ने पुलिस को बताया कि सात मार्च को घटना समय उसके पिता राजेश दुबे दुकान जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकल रहे थे। इसी दौरान घर के बगल में अपनी 10 वर्षीय पुत्री के साथ रहने वाले बड़े पिता का लड़का रामनाथ ऊर्फ कल्लू है घर के सामने खड़े होकर जमीन-जायदाद की बात करते हुए गालीगलौज व अपशब्दों का प्रयोग करते हुए 20 हजार रुपये देने के लिए चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगा। रुपये नहीं देने पर जान से मार देने व खून की नदी बहाने की धमकी दी। उसकी रोजाना की हरकतों को नजरअंदाज कर चाचा राजेश चौबे दुकान जाने के लिये घर से सुबह नौ बजे मोटरसाइकिल से निकल लिए। घर से करीब 100 मीटर दूर पालिटेक्निक कालेज के पास पहुंचे, वहां पर पहले से रामनाथ ऊर्फ कल्लू चौबे डंडा लेकर खड़ा था, जो बिना कुछ बोले लकड़ी के बेंट से राजेश चौबे के सिर में ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जिससे वे मोटरसाइकिल सहित गिर गए। गिरने के बाद भी आरोपी जिंदा नहीं छोडूंगा कहते हुए उन पर डंडे से वार कर रहा था। मारपीट करते देख उनके दोनों पुत्र घटनास्थल पहुंचे तो रामनाथ ऊर्फ कल्लू चैबे लकड़ी के बेंट से उन पर भी वार कर दिया। मारपीट करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घायल राजेश चौबे का गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। 

 

रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 294, 307, 323, 384, 506 का मामला कायम किया था, जिसे तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना गांधीनगर से सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, आरक्षक घनश्याम देवांगन, अमरेश सिंह, सत्यम सिंह शामिल रहे।

Categorized in: