कबीरधाम। शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में आधी रात को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डॉक्टरों और स्टाफ के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने अस्पताल में घुसकर जमकर अभद्रता और मारपीट की। आरोपियों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। अचानक हुए इस हंगामे से अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करते हुए शांति व्यवस्था बहाल की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों-दिनेश जोगी, कमल पाटले, देवकुमार टंडन और जितेंद्र बंजारे को गिरफ्तार कर लिया।

पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्री ने बताया कि इस कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश कर सीधे जेल भेज दिया गया। आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं, जिससे उनकी पृष्ठभूमि संदिग्ध मानी जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और चिकित्सा कर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से कानून का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

 

Categorized in: