कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
अंबिकापुर। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय प्रशासन विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सख्त नजर आए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में नगरीय निकाय के अधिकारियों और इंजीनियरों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अपने काम-काज के तौर तरीके में बदलाव लाएं। आपसी समन्वय बनाकर काम करें। किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर शासन-प्रशासन कार्रवाई में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा आयुक्त और सीएमओ अपने शहर के मुखिया हैं, शहरवासी आपका परिवार है। मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारी समझें और परिवार पर नजर रखते हुए उनके हित में कार्य करें। अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन निष्ठा से करें। उन्होंने कहा स्वच्छता का रैंकिंग गिरना नहीं चाहिए, नहीं तो इसके लिए निकाय प्रमुख जिम्मेदार होंगे। बैठक में सचिव, नगरीय प्रशासन डॉ. बसवराजु एस. और कलेक्टर विलास भोसकर भी उपस्थित रहे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बताया कि अधोसंरचना मद अंतर्गत सरगुजा संभाग के नगरी निकायों को विकास कार्यों हेतु 141.99 करोड़ राशि जारी की गई है, इसी प्रकार 15 वें वित्त आयोग मद अंतर्गत सरगुजा संभाग के निकायों को 44.34 करोड़ राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा सरकार के गठन के बाद हमने राज्य के नगरीय निकायों को विकास कार्य हेतु लगभग 600 करोड़ रुपये तथा 15 वें वित्त आयोग मद में 1450 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। बैठक में सभी नगर निगमों के आयुक्तों एवं नगरीय निकायों के सीएमओ से राज्य स्तरीय बैठक में निकायों के संचालन, कार्य पद्धति और कार्यालय के रखरखाव पर दिए निर्देशों पर अमल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे। श्री साव ने सख्ती से निर्देशित किया कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें, काम में अरुचि और लापरवाही बिल्कुल अक्षम्य होगी। काम नहीं करने वालों पर कार्रवाई अवश्य ही सुनिश्चित की जाएगी। सरकार की मंशा अनुरूप कार्य करें। शासन द्वारा निकायों के विकास हेतु पूरा सहयोग किया जा रहा है। अधिकारी उदासीन न रहें, उत्साह के साथ कार्य करें। कार्यप्रणाली में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इंजीनियरों को दो टूक निर्देशित किया कि कार्य में लेट-लतीफी न करें। शासन से मंगाई गई जानकारी और प्रस्ताव को व्यवस्थित रूप से भेजें। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य एवं क्षेत्रीय संयुक्त संयुक्त संचालक एस.के. सुंदरानी सहित नगरीय निकायों के आयुक्त एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित थे।
शहरों से बनती है प्रदेश की छवि
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि आगामी समय की मांग के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर काम करें, जिससे लंबे समय तक लोगों को उन विकास कार्यों का लाभ मिले। नगरीय निकायों की छवि सुधारें। शहरों की छवि से प्रदेश की छवि बनती है। शहर को सुंदर और स्वच्छ रखें। सीएमओ एवं इंजीनियर आपसी समन्वय के साथ काम करें और प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखें, जिससे लोगों के हित में सहजता से कार्य हो सकें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कार्य करें, जो सरगुजा के विकास का उदाहरण बने। अपने कार्यालय, कार्यप्रणाली, कार्यालय परिसर में स्वच्छता, बेहतर आचरण और व्यवहार, इन बिंदुओं पर स्वयं को तैयार करें और शहरी परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखें। इससे शहर की अच्छी छवि बनेगी, जिससे प्रदेश की छवि बेहतर बनेगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंकिंग हो बेहतर
उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी जोर-शोर से करने सभी सीएमओ को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी निकायों की रैंकिंग बढ़े। उन्होंने सख्ती से कहा कि यदि रैंकिंग में गिरावट हुई, तो सीएमओ स्वयं जिम्मेदार होंगे और उन पर कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्यों पर फोकस करें। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय पर सारी प्रक्रियाएं पूर्ण कर निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं। हम सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ के मान-सम्मान और गौरव को बढ़ाना है, जो शहरों की बेहतर छवि से होगा। शहरों का सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता और सुंदरता सुनिश्चित करें।
दीपावली के बाद अटल परिसर निर्माण शुरू करें
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में अटल परिसर निर्माण हेतु स्थल चिन्हांकन की सभी सीएमओ से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी सीएमओ अपने प्रस्ताव शीघ्र संबंधित कलेक्टर को भेजें। दीपावली के तुरंत बाद इस पर काम शुरू करें। स्थानांतरण आदेशों का 100 प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पूर्व में आयोजित किए गए जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के प्रत्येक निकाय की समीक्षा की गई है, प्रत्येक आवेदन के निराकरण को अपना दायित्व समझें, खानापूर्ति न करें।
यहां से बाक्स में अलग से लेंगे
सरगुजा संभाग में जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति सबसे धीमी, खानापूर्ति नहीं चलेगी-साव
उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने विश्राम गृह अंबिकापुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में सरगुजा सम्भाग के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और बलरामपुर के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और जल जीवन मिशन के संचालक डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे भी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है, हर घर में शुद्ध जल पहुंचाना, इसके महत्व को ध्यान में रखकर काम करें। जल जीवन मिशन न तो परियोजना है न अभियान है, यह मिशन है और मिशन में कार्य करने का तरीका बदल जाता है। हमें नए उत्साह के साथ मिशन मोड पर कार्य करने की आवश्यकता है। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा जल जीवन मिशन में सरगुजा संभाग के कार्यों की प्रगति सबसे धीमी है। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गम्भीरतापूर्वक कार्य करें, कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम में खानापूर्ति नहीं चलेगी, समस्या का स्थायी समाधान निकालें। लोगों के घरों तक रोजाना 55 लीटर प्रति व्यक्ति पानी मुहैया कराना सुनिश्चित करें। आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, यह हमारी जिम्मेदारी है।
ठेकेदार पर कार्य न छोड़ें, इंजीनियर नियमित फील्ड पर जाएं
उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि ठेकेदार पर कार्य न छोड़ें। इंजीनियर नियमित फील्ड पर जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैठक में मौजूद क्रेडा के अधिकारियों से कहा कि क्रेडा की टीम पूरी तैयारी एवं गंभीरता से काम करें। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को समय पर काम पूर्ण करने के साथ ही अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। बैठक में जिलेवार शत-प्रतिशत एफएचटीसी कवरेज की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां कार्य पूर्ण हुए हैं वहां स्वयं जाकर जांच करें, लोगों से फीडबैक लें। जल जीवन मिशन के कार्य जहां पूर्ण हो चुके हैं, वहां योजना के प्रचार-प्रसार के साथ जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर जल उत्सव का आयोजन करें, ताकि लोगों में योजना के प्रति सकारात्मकता आए।
समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने विभागीय कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की जानकारी दी। कार्य की धीमी प्रगति वाले जिलों को नवंबर तक टारगेट पूरा करने निर्देशित किया। जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक एस.एन. पाण्डेय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता डॉ. एमएल अग्रवाल तथा रायपुर व बिलासपुर जोन के मुख्य अभियंता भी बैठक में मौजूद थे।

Categorized in: