खागा से बेटे संग लापता स्टाफ नर्स का शव रविवार शाम नौबस्ता घाट स्थित लखनदास बाबा की कुटी के सामने मिलने से सनसनी फैल गई। हालांकि बेटा अभी भी लापता है। लेहदरा घाट प्रतापगढ़ के पास नदी किनारे युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस परिजनों संग पहचान के लिए रवाना हो गई। परिजन मां बेटे की हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जता रहे हैं।

रविवार शाम परिजनों को सूचना मिली कि नौबस्ता घाट में नदी उस पार एक महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस महिला का शव लेकर इस पार आई। परिजनों ने शव की पहचान स्टाफ नर्स सुमनरानी के रूप में की। पुलिस ने मौके से एक झोला बरामद किया। बेटी कीर्ती ने शव में मिले कपड़ों और चूड़ियों से मां के होने बात कही है। पुलिस ने थैले को कब्जे में ले लिया। उधर, लेहदरा घाट प्रतापगढ़ के पास युवक के शव मिलने की सूचना पर एक टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

पुलिस नर्स सुमनरानी के मोबाइल में आखिरी कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। वह बीते बुधवार रात को सीएचसी परिसर के सामने दोनों मां-बेटे का एक घंटे से इंतजार कर रहे उस बाइक सवार, जिसके साथ दोनों गंगा नहाने के लिए रात में निकले थे। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है। उसके बाद दोनों मां-बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगे।

तंत्र-विद्या पर नर्स की थी गहरी आस्था

बताते हैं कि नर्स सुमनरानी को तंत्र-विद्या में गहरी आस्था रही है। कोई भी छोटा से छोटा काम भी वह बिना शुभ-मुहूर्त की जानकारी लेकर ही करती थीं।

लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

बीते तीन वर्ष पूर्व सुमन रानी ने सेमरा मानापुर एक व्यक्ति को छह लाख रुपये कर्ज दिया था। लेकिन रुपया वापसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। सुमन रानी ने धन वापसी जल्द ही न करने पर दस प्रतिशत ब्याज के साथ रुपया वापसी की बात कहा थी। दोनों में इसे लेकर कुछ दिनों पहले विवाद हुआ था। कोतवाली प्रभारी तेजबहादुर सिंह कहते हैं कि गंगा तट पर मिले महिला के शव की पहचान नर्स सुमनरानी के रूप में हुई है। पोस्टमाटर्म रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एक युवक का शव प्रतापगढ़ में मिलने की सूचना है, पहचान के लिए मौके पर टीम को भेजा गया है।

Categorized in: