जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का दल पहुंचा रामगढ़ पर्वत
अंबिकापुर। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का दल मंगलवार को रामगढ़ पर्वत पर आसन्न खतरे की जांच के लिए पहुंचा। इस दल में 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर ग्रामीण के अध्यक्ष विनय शर्मा, विनीत विशाल जायसवाल शामिल थे। जांच दल ने रामगढ़ पहाड़ में पड़ी दरारों के विषय में जानकारी के लिए पर्वत पर मौजूद मंदिर के बैगा चंदन सिंह और स्थानीय निवासियों से जानकारी प्राप्त की है। इनसे जानकारी मिली कि खदान में ब्लास्टिंग के कारण पूरा पहाड़ खतरनाक रूप से कंपन करता है। ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ की चट्टानों में चारों ओर दरार पैदा हो गई है। मंदिर जाने के रास्ते में सीढ़ियों पर लाल माटी और सिंहद्वार पर चट्टानों में पड़ी दरारें बेहद खतरनाक स्थिति में है। स्थानीय निवासियों ने जानकारी दी कि ब्लास्टिंग के कारण विगत वर्षों में सीढ़ियों की ये दरारें निरंतर चौड़ी होते जा रही हैं। अगर भविष्य में यहां ब्लास्टिंग जारी रहा तो मंदिर तक पहुंचने वाली सीढ़ियों के चट्टानों में लैंडस्लाइड होने की पूरी संभावना है। ऐसी स्थिति में रामगढ़ पर्वत पर स्थित पवित्र राम मंदिर जो सरगुजा जिले में धार्मिक आस्था का केंद्र है, तक पहुंचना नामुमकिन हो जाएगा। जांच दल इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि इस क्षेत्र में मौजूदा खदानों की गतिविधियों और नई खदान के खुलने से रामगढ़ पर्वत का अस्तित्व समाप्त होना तय है। स्थानीय निवासियों के साथ ही जांच दल ने रामगढ़ संरक्षण एवं संवर्धन समिति के सदस्य राजनाथ सिंह, अमृत यादव, नंदा राम, मधु पंडो से भी मुलाकात की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक प्रेसवार्ता के माध्यम से बुधवार, 17 सितंबर को जांच के निष्कर्षों को साझा करेंगे। जांच दल के साथ जनपद पंचायत उदयपुर के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, सत्येन्द्र सिंह, अमित सिंहदेव, अनिल सिंह, अनूप मेहता, गुरुप्रीत सिद्धू, विकल झा, सतीश बारी, विकास शर्मा, वीरेंद्र सिंह, सतीश यादव, रोहित टेकाम, त्रिलोचन सिंह, देवलाल यादव, सूरज यादव, राम सिंह, सोमू, शुभम पांडेय, हर्षवर्धन सिंह, भूपेंद्र गुंजन, नंदलाल, अयांश, ओंकारेश्वर मौजूद थे।

Categorized in: