अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस टीम ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लाख 25 हजार रुपये का साढ़े छह किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। आरोपी उक्त गांजा को उड़ीसा से खरीद कर बिक्री करने के लिए लाना स्वीकार किया है।
जानकारी के मुताबिक 15 सितम्बर को थाना कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सतगुरु कबीर आश्रम, बस स्टैंड के पीछे एक संदेही सफेद रंग के प्लास्टिक बोरा में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को घेराबंदी करके पकड़ा गया। पूछताछ व तलाशी में आशुतोष शर्मा पिता विजय नारायण शर्मा 19 वर्ष निवासी परसौना, थाना घोरावल जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश के पास प्लास्टिक बोरा में 6.5 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपी ने गांजा को उड़ीसा से खरीद करके बिक्री करने हेतु लाना स्वीकार किया है। आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक सूरज राय, आरक्षक अमरेश सिह सैनिक श्याम साहू, सुनील गुप्ता सक्रिय रहे।

Categorized in: