अंबिकापुर। कोतवाली थाना पुलिस ने म्यूल अकाउण्ट के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना में म्यूल खाते के विरूद्ध महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात, छत्तीसगढ़ से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है।

इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय (तकनीकी सेवायें) नवा रायपुर के द्वारा म्यूल अकाउण्ट के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के दिए गए निर्देश के तहत, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने इण्डियन बैंक में संचालित म्यूल अकाउण्ट खाता क्रमांक 7844758099 एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र बैंक में संचालित खाता क्रमांक 60504614490 के धारक सूरज कुमार के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 317(4), 3(5) का मामला पंजीबद्ध किया है। दोनों खाते में ऑनलाइन 204200 रुपये प्राप्त होना पाया गया है। दौरान विवेचना पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार पिता राजू कश्यप, निवासी मकान नंबर 03, मंगल पाण्डेय वार्ड, पेट्रोल पंप के पास, नमनाकला अंबिकापुर व धीरज सिंह पिता स्व. दिलीप सिंह 34 वर्ष, निवासी फुंदुरडिहारी, बीचपारा थाना गांधीनगर को हिरासत में लिया और दोनों खाते के पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड पेश करने हेतु नोटिस जारी किया था। इस दौरान खाताधारक ने बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को देने के लिए धीरज सिंह के पान ठेला में देना बताया गया। यह भी सामने आया कि उक्त खाते का उपयोग आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा के द्वारा किया गया है, और ठगी की रकम, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड भी आयुष और धीरज सिंह के पास है। धीरज सिंह ने जवाब में बताया कि सूरज कुमार से लिया बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड को आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को वह दिया था। पुलिस ने इन्हें विधिवत गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी, निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, आरक्षक लालबाबू सिंह, सैनिक संतोष पटेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: