तीन अंजर्राज्यीय अपराधियों को टीकमगढ़ से गिरफ्तार की पुलिस, अन्य की तलाश जारी

अंबिकापुर। गुगल ब्राउजर में अश्लील वीडियो, फोटो देखने का भय दिखाकर 4 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना गांधीनगर में अजिरमा निवासी प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, 19 मार्च को जब वह स्कूल से घर पहुंची, उसी दौरान अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक ने क्राइम ब्रांच से बोल रहा हूं, कहते हुए गुगल ब्राउजर में अश्लील फोटो देखने की बात कही, और इसे दण्डनीय अपराध बताते हुये गिरफ्तार करने का भय दिखाया गया। अज्ञात कॉलर के इस कथन से प्रार्थिया काफी डर गई थी और उसके कहने पर अलग-अलग दिनांक को अलग-अलग फोन-पे नम्बर व बैंक खातों में 4 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया था। प्रकरण पंजीबद्ध करने के बाद पुलिस ने प्रार्थिया के द्वारा दिये गये ट्रांजेक्शन के आधार पर साइबर पुलिस पोर्टल से आवश्यक तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इसका अवलोकन करने पर ट्रांसफर की गई रकम को आरोपियों के द्वारा उपयोग किये जा रहे भारतीय स्टेट बैंक, फिनो पेमेंट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं अन्य बैंक खातों में राशि प्राप्त कर अन्य खातों में ट्रांसफर कर ऑनलाइन या एटीएम के माध्यम से आहरित करना पाया गया। बैंक खातों संबंधी एवं आवश्यक पुख्ता तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम गठित कर पतासाजी हेतु पुलिस टीम को डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर मध्य प्रदेश, टीकमगढ़ रवाना किया गया। उपरोक्त कार्रवाई में थाना गांधीनगर से प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, आरक्षक दीनदयाल सिंह, दिनेश यादव, सरस्वती सिंह, साइबर सेल से आरक्षक अमन पूरी, रमेश प्रसाद की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस

पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त बैंक खाताधारक, लिंक मोबाइल नंबर धारक काशिराम अहिरवार पिता धनसु राम अहिरवार 34 वर्ष, निवासी ग्राम केनवार, थाना बड़ागांव, पन्नालाल यादव पिता शीतल यादव 40 वर्ष, निवासी ग्राम डुण्डा, थाना बड़ागांव व अभिलाषा अहरवार पिता किशोरी अहरवार 20 वर्ष, निवासी चौपरा मोहल्ला, ग्राम जरूआ, थाना लिधौरा तीनों जिला टीकमगढ़ मध्य प्रदेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो इन्होंने घटना कारित करना स्वीकार किया। इन्हें विधिवत गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

Categorized in: