यूपी के बरेली की एसडीएम अधिकारी ज्योति मौर्य और आलोक के बीच का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। कोई ज्योति का साथ दे रहा है तो कोई आलोक मौर्य के साथ है। इस बीच, जिस मनीष दुबे के साथ ज्योति मौर्य के अफेयर का दावा किया जा रहा है, वह पहली बार कैमरे के सामने आए हैं। उन्होंने स्वीकार किया है कि वह फंस गए हैं। मनीष दुबे महोबा जिले के होमगार्ड कमांडेंट के पद पर तैनात हैं। सोशल मीडिया पर ज्योति मौर्य और मनीष दुबे के बीच अफेयर के चर्चे हैं।

अपनी बात रखते हुए मनीष दुबे ने कहा कि ज्योति और उनका कुर्सी पर बैठना गुनाह हो गया है। मैं पता नहीं कहां फंस गया हूं। कैमरे के सामने मनीष दुबे ने कहा कि आज हर आदमी इस पर बात कर रहा कि आलोक ने ज्योति को पढ़ाया-लिखाया और फिर एसडीएम बनाया। पढ़ाई लिखाई का मतलब हम लोग क्या लेते हैं कि जिसे बचपन से पढ़ाया गया। मुझे इसका जवाब बता दीजिए कि जहां हम लोग आज बैठे हुए हैं, क्या वहां कोई कुछ हमें बना सकता है?

आलोक से मनीष ने ही पूछ लिए सवाल
मनीष ने सवाल किया कि अगर आलोक मौर्य ने ज्योति को पढ़ाया-लिखाया तो क्या वह यूपीएससी में कितने पेपर्स होते हैं, इसकी जानकारी दे सकते हैं? मनीष ने पूछा, ”तीन स्टेप्स होते हैं। प्रीलिम्स मेन और इंटरव्यू। चलिए हम मान लेते हैं कि उसने पढ़ा-लिखाकर बनाया, लेकिन उससे पूछिए कि कितने पेपर होते हैं, वह बता नहीं पाएगा। वह कहता कि उस समय कितने ऑप्शनल होते थे पेपर में। हम और ज्योति दोनों हतप्रभ हैं कि आखिर क्यों उसने इस बात को इतना बढ़ा-चढ़ाकर बता दिया। मनीष दुबे ने अपने पद और कुर्सी की ओर इशारा करते हुए कहा, ”मुझे लगता है कि यहां बैठना गुनाह हो गया है। हम लोगों ने यूपीएससी की तैयारी की, लगता है कि गुनाह कर दिया। मुझे लगता है कि कहां मैं भी इन सब चीजों में आकर फंस गया।”

ज्योति-आलोक और वो… क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ज्योति मौर्य बरेली जिले में एसडीएम के पद पर तैनात हैं। उनके पति आलोक मौर्य का पिछले महीने एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह रोते हुए दिख रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी ज्योति मौर्य और होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे का अफेयर है। दोनों को वे होटल में रंगेहाथों भी पकड़ चुके हैं। इसके अलावा, ज्योति पर आलोक ने भ्रष्टाचार से रकम जुटाने का भी आरोप लगाया था। उनका कहना था कि शादी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति को पढ़ाया-लिखाया, जिससे वह एसडीएम बनीं, लेकिन बाद में उनका मनीष दुबे के साथ अफेयर हो गया। हालांकि, इन सब आरोपों को ज्योति ने खारिज कर दिया है और दावा किया है कि आलोक और उनके घरवालों ने शादी के दौरान झूठ बोला था। साथ ही, ससुरालवालों की ओर से और अधिक दहेज मांगे जाने का भी आरोप लगाया गया है।

Categorized in: