लखनपुर पुलिस मामले की कर रही जांच, संदेहियों से चल रही पूछताछ

लखनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत अपराध का ग्राफ इन दिनों लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार की रात करीब 10.30 बजे ग्राम बगदर्री से अपने गृह ग्राम अंधला लौट रहे एक दंपति पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। प्राणघातक हमले में पत्नी की मौत हो गई, पति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निर्मला दास 40 वर्ष, अपने पति कपिल दास पिता मनसुख दास के साथ 6 अप्रैल, सोमवार की शाम 4 बजे अपने रिशतेदार के घर ग्राम बगदर्री गई थी। रात करीब 11 बजे गृह ग्राम अंधला लौटते समय बाइक सवार दंपति को रोककर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने दोपहिया वाहन में भी तोड़-फोड़ की है। घटना के बाद लहूलुहान हालत में दंपती को छोडकर हमलावर फरार हो गए। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना लखनपुर थाना पुलिस को दी। घायल पति-पत्नी को उपचार हेतु अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में लाया गया। निर्मला दास की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रिफर किया गया। रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। इनके पति की हालत गंभीर बताई जा रही है, इलाज अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक घटना के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है।

अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर फरार

इस खूनी संघर्ष में बाइक सवार दंपति पर ताबड़तोड़ हमले के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मामले में लखनपुर पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है, जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।  

Categorized in: