कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को अनर्गल बता की निंदा


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में होने वाले उपचुनाव की प्रक्रियाओं के बीच मतदान के पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर लगाए गए आरोप को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने षड्यंत्र करार देते हुए कहा है छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की घृणित राजनीति सीडी कांड को लेकर कटघरे में खड़े मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे हैं। भानुप्रतापपुर के उपचुनाव में इन्हें हार नजर आ रही है, इसलिए 18 नवंबर को स्कूटनी में नाम खारिज कराने में असफल होने के बाद भाजपा प्रत्याशी के चरित्रहनन का प्रयास कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने किया है, जिसकी भाजपा निंदा करती है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रत्याशी पर पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज होने का आरोप लगाया है, जिससे स्वयं ब्रह्मानंद नेताम बेखबर हैं। मामला वर्ष 2019 का है, जिसकी रिपोर्ट झारखंड में हुई है। नवंबर 2022 तक इंतजार के बाद चुनाव के समय इसे तूल देने का प्रयास किया गया, जबकि पॉक्सो एक्ट के मामले में त्वरित कार्रवाई, गिरफ्तारी की जाती है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ और झारखंड की सरकार का चाल-चलन एक जैसा है, दोनों ही सरकारें गंभीर षड्यंत्र रचने में लगी हैं। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी झारखंड सरकार की आवभगत छत्तीसगढ़ सरकार कैसे करती है, इससे सभी वाकिफ हैं। उन्होंने कहा उपचुनाव में करारी शिकस्त मिलने का अंदेशा कांग्रेस को हो गया है, इसलिए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। 32 प्रतिशत आरक्षण को लेकर वैसे भी आदिवासी वर्ग में आक्रोश है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विजयनाथ सिंह, अखिलेश सोनी, प्रबोध मिंज, रूपेश दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।  
एक तीर से लगाया दो निशाना
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक तीर से दो निशाना लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से बयानबाजी करा भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम की छवि धूमिल करने का प्रयास तो किया ही गया, दूसरी ओर सार्वजनिक रूप से पीडि़ता का नाम उजागर करवा कानूनी पेंच में उन्हें फंसाने का काम किया गया। पॉक्सो एक्ट की पीडि़ता का नाम उजागर करना अपराध की श्रेणी में आता है, ऐसे में भाजपा अब कानूनी लड़ाई लड़ेगी, क्योंकि नाबालिग का नाम सार्वजनिक करने का अधिकार किसी को नहीं है। भाजपा प्रत्याशी पर लगाए गए लांछन के लिए मानहानि का दावा किया जाएगा। षड्यंत्र में शामिल सभी लोगों के विरूद्ध कार्रवाई के लिए भाजपा आवाज मुखर करेगी।  
ट्रायबल समाज है कांग्रेस के खिलाफ
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा आरक्षण के मुद्देे को लेकर ट्रायबल समाज कांग्रेस के खिलाफ है, यह सरकार को पता है। डॉ.रमन सिंह के 15 साल के मुख्यमंत्रित्व काल में जो नहीं हुआ, वह कांग्रेस के प्रारंभिक कार्यकाल में हुआ है। इसका नतीजा भानुप्रतापपुर के उपचुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।  
स्वच्छ छवि के प्रत्याशी पर गंभीर आरोप-कमलभान
सरगुजा लोकसभा के पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कांग्रेस ने स्वच्छ छवि के भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष स्वयं आदिवासी समाज से हैं, उन्होंने आदिवासी समाज के भाजपा प्रत्याशी के चरित्रहनन का प्रयास मुख्यमंत्री या फिर कांग्रेस के बड़े नेताओं के दबाव में किया हो, तो बड़ी बात नहीं है। कांग्रेस की आदिवासियों के प्रति शुरू से ही अच्छी मंशा नहीं रही है। आदिवासियों को मिलने वाले 32 प्रतिशत आरक्षण को इन्होंने समाप्त कर दिया।

Categorized in: