घटना से दोनों परिवार सदमे में, मासूम बच्चों का शव देखकर छलक आए आंसू


अंबिकापुर। घर से खेलने के लिए निकले दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्वजनों ने जब अपने दोनों बच्चों को अचेत अवस्था में देखा तो वे सदमे में आ गए। घटना सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केरजू की है। बुधवार की शाम को दोनों बच्चे घर में सायकल चलाने के लिए जा रहे हैं, कहकर निकले थे। इसके बाद वे साइकिल में लगे कीचढ़ को धोने के लिए गांव में ही निजी स्कूल के पास स्थित तालाब की ओर अन्य बच्चों के साथ गए थे। पैर फिसलने से बच्चे पानी की गहराई में समा गए। इन्हें डूबते देखकर साथी बच्चों ने शोर मचाया, तो आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़ते मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकालने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल से रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों की मौत से स्वजन सदमे में हैं।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत केरजू निवासी आरव अग्रवाल पिता नवीन अग्रवाल 8 वर्ष व अंश अग्रवाल पिता संजय अग्रवाल 9 वर्ष पड़ोसी हैं। बुधवार की शाम को करीब 4 बजे अंश अग्रवाल सायकल चलाने जा रहे हैं कहकर घर से पड़ोस में रहने वाले आरव के साथ निकला था। खेलते-खेलते सायकल में कीचड़ लग जाने के कारण वे उसे धोने के लिए सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्थित तालाब के पास चले गए। शाम करीब 6 बजे सायकल धोने के दौरान दोनों का पैर फिसल गया और वे पानी की गहराई में चले गए। अन्य बच्चे इन्हें डूबते देखकर शोर मचाए तो गांव के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला। दोनों अचेत हो गए थे। तालाब के पास लगी भीड़ और शोर-शराबा सुनकर तालाब के पास अंश का भाई संदीप पहुंचा, तो अंश और आरव दोनों बेहोशी की हालत में पड़े थे। इन्हें कांसाबेल अस्पताल लेकर स्वजन पहुंचे। यहां डॉक्टर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने गुरूवार की रात 11.50 बजे दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम हुआ। बच्चों का शव देखकर स्वजन फफककर रो पड़े। दोनों बच्चों की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Categorized in: