कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में चरणदास महंत को नेता प्रतिपक्ष बनाया है। वहीं दीपक बैज प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। चरणदास महंत छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने एक आदेश जारी कर यह जानकारी दी है।

रविवार को कांग्रेस की तरफ से नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर एक बयान जारी किया गया है। जारी आदेश में लिखा है कि ‘माननीय कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ के सीएलपी नेता के रूप में श्री चरणदास महंत की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। माननीय कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर बने रहने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।’

दीपक बैज बने रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष
इस चुनाव में दीपक बैज चित्रकोट विधानसभा सीट से मैदान में थे। उनके खिलाफ भाजपा ने विनायक गोयल को उतारा था। भाजपा नेता ने दीपक बैज को आठ हजार से अधिक वोटों से हराया। कांग्रेस ने आदेश जारी कर बताया कि दीपक बैज प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बरकरार रहेंगे।

चरणदास महंत बने नेता प्रतिपक्ष
साल 2018 में चरणदास महंत छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने महंत को सक्ती सीट से मैदान में उतारा था। उनके खिलाफ भाजपा के खिलावन साहू खड़े थे। महंत ने साहू को भारी वोटों से हराया। चरणदास महंत कांग्रेस के एक अनुभवी नेता हैं।