अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम भेस्की में पहाड़ी कोरवा के द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों के विरूद्ध आत्महत्या के लिए प्रोत्साहित करने का मामला दर्ज कर लिया है।
राजपुर थाना के पुलिस चौकी बरियो अंतर्गत मर्ग जांच में पुलिस ने पाया कि ग्राम भेस्की निवासी मृतक भईरा राम पिता स्व. चुटरू पहाड़ी कोरवा 65 वर्ष का जमीन माह नवम्बर 2024 में विनोद अग्रवाल ऊर्फ मघु व प्रवीण अग्रवाल के द्वारा धोखाधड़ी करके मृतक की पत्नि जुबारो बाई को चुपचाप तहसील कार्यालय राजपुर ले जाकर राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवकी निवासी शिवाराम नगेसिया के नाम से रजिस्ट्री करा लिए थे। इसके बाद विनोद व प्रवीण अग्रवाल के आदमी सुदामा, राजू, राजेन्द्र, पिन्टु, दिलीप तिग्गा के द्वारा मृतक भईरा जहां मिलता, उसे तुम्हारा जमीन अब हमारा हो चुका है, तुम यहां से भाग जाओ, कहते हुए मारने-पीटने की धमकी देकर प्रताड़ित करते थे। इससे भईरा राम परेशान हो गया और आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के लोगों व मृतक के स्वजन का बयान लिया था, जिसमें सामने आए तथ्य के आधार पर पुलिस ने विनोद अग्रवाल ऊर्फ मघु, प्रवीण अग्रवाल, सुदामा, राजू, राजेन्द्र, पिन्टू, दिलीप तिग्गा के विरूद्ध धारा108, 3(5) बीएनएस का अपराध दर्ज किया है। मृतक भईरा पिता स्व. चुटरू पहाड़ी कोरवा उम्र 65 वर्ष 21 अप्रैल को रात्रि 10 बजे से 22 अप्रैल के 12 बजे के बीच फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया था। इसकी जानकारी मृतक के पुत्र ने पुलिस को दी थी। मगर इतने दिनों बीत जाने के बाद भी इस मामले के मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस पकड़ से बाहर है जो कानून व्यवस्था के लिए चिन्ताजनक कहा जा सकता है।

Categorized in: