अंबिकापुर। साइड लेते समय डीजे से लगे लोहे का एंगल टच होने से आक्रोशित स्कार्पियो वाहन सवारों ने पिकअप का शीशा तोड़ने के बाद चालक का सिर फोड़ दिया। आरोपियों ने खलासी से जमकर मारपीट की और पिकअप चालक का मोबाइल और रुपये लेकर चलते बने। घटना की रिपोर्ट पिकअप स्वामिनी ने सीतापुर थाना में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने 4 आरोपियों के विरूद्ध नामजद केस दर्ज कर लिया है।
रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम सिसरिंगा निवासी अनिता गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि 04 मई को उनके पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 13 एआर 6133 में ड्रायवर सुनील कुजूर एवं खलासी मनोज राठिया, ग्राम धनपुरी के जकसिंह मांझी के यहां से डीजे लेकर बारात के साथ ग्राम रनईटिकरा निवासी लटकू मांझी के यहां गए थे। बारात से वापस घर आते समय ग्राम रतनपुर में विकास पिता राजा राम के घर के सामने एक स्कार्पियो वाहन खडी थी। साइड लेते समय स्कार्पियो वाहन में डीजे का एंगल टच हो गया था। पिकअप वाहन लेकर चालक ग्राम बिशुनपुर एवं बालमपुर के बीच गैरेज के सामने पहुंचा था, तभी स्कार्पियो व मोटरसायकल से कुछ लोग पीछा करते हुए आए और स्कार्पियो का चालक श्रवण व सवार शंकर, विकास, शुकलाल ने पत्थर से वार करके पिकअप वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया और चालक सुनील कुजूर पिता दाउद कुजूर निवासी सिसरिंगा से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ, मुक्का, लात से मारपीट करते हुए सिर में डण्डा से प्रहार कर दिए, जिसमें उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा। वहीं पत्थर के छटकने से खलासी मनोज राठिया को आंख के पास चोट आई है। चालक के बेसुध होने पर स्कार्पियो वाहन में सवार लोग पिकअप से दो एम्पलीफायर व एक मिक्सर को उतारकर ले गए। आरोपियों ने पिकअप के चालक का मोबाइल फोन और उसके जेब से रुपये भी निकाल लिया और घायल अवस्था में इन्हें छोड़कर भाग गए। इनके जाने के बाद खलासी मनोज राठिया ने अपने मोबाइल से फोन करके घटना की जानकारी पिकअप मालिक को दी। इन्हें शासकीय अस्पताल सीतापुर में भर्ती कराया गया था, यहां से रिफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। यहां से भी रिफर करने पर चालक का रायपुर के वैदेही अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: