अंबिकापुर। सीतापुर थाना पुलिस टीम ने नगद रकम लूटपाट करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटे गए रुपये में से 600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वाहन का आर.सी. बुक जप्त किया है। मामले में पूर्व में पुलिस टीम ने अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ादोरना की ललिता गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 20 मार्च को लगभग 11.30 बजे वह अपने जान-पहचान के व्यक्ति के साथ मोटरसायकल में बैठकर पैसा निकालने जिला सहकारी बैंक सीतापुर आई थी। पैसा निकालकर मोटरसायकल से वापस जाते वक्त ग्राम सोनतराई के पास पीछे से मोटरसायकल में दो अज्ञात व्यक्ति चेहरा में गमछा बांधकर पहुंचे और उसे खींचकर गाड़ी से नीचे गिरा दिए। इसके बाद आरोपी 23 हजार रुपये व पासबुक लूटकर भाग गए। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 309(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। पूर्व में पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मंटू नट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इसके बाद पुलिस शिवम नट पिता किशोर नट 26 वर्ष निवासी दीवानपुर नटपारा थाना पत्थलगांव जिला जशपुर के तलाश में लगी थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में महिला से नकद रकम लूटना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से नकद 600 रुपये जप्त किया गया है, शेष रकम को बंटवारा के पश्चात खर्च कर देना बताया। आरोपी ने महिला से लूटे गए पासबुक को जला देने की जानकारी दी है एवं घटना मे प्रयुक्त वाहन को शहडोल मध्य प्रदेश निवासी अपने जीजा संजय कंजर को देना बताया है, जो सीधी जेल में निरुद्ध होना बताया जा रहा है। पुलिस टीमआरोपी के बयान की तस्दीक के लिए सीधी जाएगी और घटना में प्रयुक्त वाहन को जप्त करेगी। प्रकरण में धारा 238(बी) बी.एन.एस. जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, आरक्षक धन्यकेश्वर यादव, उमेश गुप्ता, गंगा प्रसाद नेताम, सैनिक विनायक लकड़ा सक्रिय रहे।

Categorized in: