अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चठिरमा निवासी व्यवसायी के घर में कार सवार लोगों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिस कारण धमाके के साथ आग लग गई। आग लगने से कांच के ग्रील का शीशा टूट गया। तेज आवाज सुनकर व्यवसायी जब बाहर निकले तो घर के अंदर तक बढ़ती आग को देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
चठिरमा निवासी संजीत कुमार व्यापारी पिता सुनिल रंजन व्यापारी ने पुलिस को बताया है कि 22 दिसम्बर की रात को वे अपने परिवार सहित घर पर सो रहे थे। 23 दिसम्बर को अलसुबह 04.14 बजे उन्होंनेे घर के सामने लगे कांच के ग्रिल पर पटाखा फूटने जैसा तेज आवाज सुनकर जब वे अपने कमरे से बाहर निकले तो घर के सामने लगे कांच के ग्रिल का शीशा टूटा हुआ था। अन्दर सोफा के कवर में आग लगा था, तेज पेट्रोल की गंध आ रही थी। एक छोटा कांच का बोतल भी मौके पर पड़ा हुआ था। आग को बुझाने के बाद वे बाहर निकले तो कुछ नहीं दिखा। अपने घर में लगे सीसीटीव्ही का फुटेज जब उन्होंने चेक किया तो सामने आया कि घर के सामने सड़क पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आए 02 व्यक्ति कार से बाहर निकले और किसी चीज में आग लगाकर उसके घर के तरफ फेके थे। इसके बाद तेज धमाके जैसा आवाज सुनने को मिला। इसके बाद कार सवार अंबिकापुर की ओर रवाना हो गए, जिन्हें वह पहचान नहीं पाया। व्यवसायी ने परिवार व घर को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से ज्वलनशील पदार्थ घर में फेंकने की संभावना व्यक्त करते हुए घटना की जानकारी थाना गांधीनगर पुलिस को दी है। रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
व्यवसायी ने एक और मामला दर्ज कराया
संजीत कुमार व्यापारी ने 24 दिसम्बर को 9.30 बजे आयमान सिद्दीकी नवागढ़ निवासी के द्वारा 15 वर्षीय पुत्री एवं पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज करके जान से मारने की धमकी देने का एक और रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराया है। व्यवसायी ने पुलिस को बताया है कि 23 दिसम्बर को उनके घर में पेट्रोल बम फेंका गया था, तत्संबंध में वह थाना गांधीनगर में प्राथमिकी दर्ज कराया है। 24 दिसम्बर को सुबह 9.30 बजे उक्त व्यक्ति के द्वारा पुन: पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी देते हुए गालीगलौज की घटना को अंजाम दिया गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज करके जांच में लिया है।

Categorized in: