कोरबा। एक युवक की लाश उरगा थाना क्षेत्र में मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव खंभे के तार से लिपटा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि चलती ट्रेन के गेट पर बाहर खड़े रहने के दौरान युवक खंभे से टकरा गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर उरगा पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक घटना देर रात की है। मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और रेलवे आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक रात के वक्त किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा होगा और संतुलन बिगड़ने पर खंभे से टकरा गया।

मृतक युवक की उम्र लगभग 24 साल बताई जा रही है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि रात को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जटी है।

Categorized in: