पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा-धान खरीदी को लेकर बघेल का कथन झूठा, केंद्र सरकार देती है 80 फीसदी राशि
प्रदेश का हर किसान प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखकर करेगा धन्यवाद ज्ञापित

 

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। भाजपा का पांच साल का वनवास काल समाप्त होने वाला है, वर्ष 2023 में चुनाव की पारी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बार-बार यह झूठ बोलते हैं कि किसानों का पूरा धान प्रदेश सरकार खरीदती है, सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने अब तक धान खरीदी के लिए प्रदेश सरकार को 74 हजार करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया है, जिसकी बदौलत प्रदेश के किसानों का धान खरीदा जा सका। किसानों के साथ छल करने वाली व झूठी वाहवाही बटोरने वाली छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के मुखिया भूपेश बघेल यह बताएं कि उन्होंने प्रदेश के किसानों को कितना पैसा स्वयं के मद से दिया है? उक्त बातें शहर के संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कही। उन्होंने आगे कहा प्रदेश के लबरा मुख्यमंत्री केंद्र सरकार पर केवल झूठे आरोप लगाने का काम कर रहे हैं। यदि केंद्र सरकार चावल नहीं खरीदती है तो क्या प्रदेश सरकार में इतना दम है कि वह किसानों की उपज का पूरा धान खरीद सके? हकीकत यह है प्रदेश की कुल उपज का 82 फीसदी धान चावल के रूप में केंद्र सरकार ही खरीदती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं यह बात रायपुर में हुई जनसभा में कही थी। दु:खद यह है कि प्रधानमंत्री के कथन को मुख्यमंत्री ने तब झूठा करार दिया था। जो सरकार अंतर की राशि का भुगतान समय पर एकमुश्त नहीं कर सकती, वह किस आधार पर पूरा धान खरीदने का दावा कर रही है? उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में धान का समर्थन मूल्य 873 रुपये बढ़ा, खाद में सब्सिडी बढ़ाकर 1.08 लाख करोड़ रुपये करके किसानों को बड़ी राहत दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कंेद्र सरकार ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश से 86.5 लाख मीट्रिक टन चावल अर्थात 1.30 करोड़ मीट्रिक टन धान की बंपर खरीदी करने का निर्णय लिया है, जो छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी सौगात है। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के किसानों की पूरी उपज की खरीदी की व्यवस्था कर दी है, इसके लिए छत्तीसगढ़ के किसान केंद्र सरकार का अभिनंदन करते हैं। भाजपा इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ के प्रत्येक किसानों तक पहुंचाएगी और प्रयास करेगी कि प्रदेश का हर किसान प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड लिखकर धन्यवाद ज्ञापित करेे। पत्रकारों के एक सवाल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कौन होग, यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा, मधुसूदन शुक्ला, संतोष दास, रूपेश दुबे सहित भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।

किसानों के हक का पैसा हड़पा भूपेश बघेल ने
पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार समर्थन मूल्य के मुद्दे पर झूठ बोल कर किसानों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस ने प्रति क्विंटल धान की कीमत 2500 रुपये देने का वादा तब किया था, जब समर्थन मूल्य 1750 रुपये प्रति क्विंटल था। तब कांग्रेस की सरकार को किसानों को प्रति क्विंटल धान की खरीदी पर 750 रुपये का बोनस देना था, लेकिन इस सरकार ने चालबाजी करते हुए उन्हें अंतर की यह राशि नहीं दी। अब धान का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 2184 रुपये है। इसमें 750 रुपये जोड़कर इस सरकार को प्रति क्विंटल धान की खरीदी पर किसानों को लगभग तीन हजार रुपये देना चाहिए। यह भी स्पष्ट है कि इस दौरान हर साल केंद्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया, लेकिन कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों को दी गई राहत का लाभ नहीं दिया। यह किसानों के साथ सरासर धोखेबाजी है। भूपेश बघेल सरकार ने किसानों के हक का पैसा हड़पा है। केंद्र सरकार किसानों के 20 क्विंटल धान खरीदने पर सहमत हो गई है, इसमें प्रदेश की भूपेश सरकार का कोई रोल है ही नहीं।

18 लाख से ज्यादा किसान सम्मान निधि से वंचित
विष्णु देव साय ने कहा छत्तीसगढ़ में 40.78 लाख किसान हैं, जिनके खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पहुंचनी चाहिए, लेकिन छत्तीसगढ़ में सिर्फ 22 लाख किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुंच रही है। प्रदेश के 18 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि नहीं पहुंचने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार दोषी है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों परविस्तार से चर्चा की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में धान का समर्थन मूल्य 873 रुपये बढ़ा है। खाद में सब्सिडी 35 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1.08 लाख करोड़ रुपये करके किसानों को बड़ी राहत देने का काम किया है। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद धान का समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों को 17,500 रुपये अधिक मिलेंगे। पहले जब यही धान 1310 रुपये में किसान 15 क्विंटल बेचते थे तो उन्हें 19,650 रुपये मिलते थे। इस प्रकार अब किसानों को 17,500 रुपये ज्यादा मिलेंगे।

मोदी सरकार चौगुना अनाज की कर रही खरीदी
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डीएपी, यूरिया के दाम में बेतहाशा वृद्धि हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में खाद पर किसानों को 38 हजार करोड़ रुपये सब्सिडी मिलती थी, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे बढ़ाकर 1.08 लाख करोड़ कर दिया। इसके कारण छत्तीसगढ़ के किसान जो प्रति एकड़ खाद औसतन इस्तेमाल करते हैं, उसमें आठ हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ किसानों को मिल रहा है। नौ वर्ष में 17,500 रुपये धान का मूल्य और आठ हजार रुपए सब्सिडी मिलाकर किसानों को 25,500 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त प्राप्त हो रहा है, यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। यह सब इसलिए हो रहा है कि वर्ष 2014 में मनमोहन सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर मात्र 64 हजार करोड़ रुपये के अनाज की खरीदी देश के किसानों से की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में पिछले साल अनाज की यह खरीदी 2.38 लाख रुपये तक पहुंच गई। मोदी सरकार लगभग चौगुना अनाज की खरीदी कर रही है।

Categorized in: