दुकान संचालकों को नोटिस जारी, तीन दिन में देना होगा जवाब, आगामी आदेश तक विक्रय पर प्रतिबंध

अंबिकापुर। कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिले के कृषकों को उच्च गुणवत्ता युक्त कृषि आदान सामग्री बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा सघन अभियान चलाते हुए जिले के निजी प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। संचालनालय कृषि रायपुर से उड़नदस्ता के रूप में उप संचालक कृषि उमेश सिंह तोमर के नेतृत्व में विकासखंड अंबिकापुर के शुभम फर्टिलाइजर्स, विजय ट्रेडिंग कंपनी एवं शंकर ट्रेडिंग कंपनी, विकासखंड बतौली के मंगारी स्थित दीपक कृषि सेवा कंेद्र, विकासखंड सीतापुर के विनय एग्रो, विकास बीज भंडार, किसान सेवा कंेद्र एवं रामकुमार-सुभाष कुमार का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शुभम फर्टिलाइजर्स के अनुज्ञप्ति में विक्रय अनुमति नहीं होने के कारण कार्बन स्टोन 20 किग्रा, नैनो वॉटर सोल्यूबल 24 किग्रा, आनंद विशाल 200 किग्रा, विजय ट्रेडिंग कंपनी में कीटनाशक अनुज्ञप्ति का नवीनीकरण किए बिना विक्रय करने के कारण समस्त कीटनाशक एवं विकास बीज भंडार सीतापुर के अनुज्ञप्ति में स्त्रोत प्रमाण पत्र दर्ज बिना विक्रय हेतु मोनोक्रोटोफास 36 प्रतिशत, एसएल 3 लीटर तथा रामकुमार सुभाष कुमार के अनुज्ञप्ति में विक्रय अनुमति नहीं होने के कारण आनंद विशाल 320 किग्रा इफको सागारिका 180 किग्रा व कालातीत दवा होने कारण थाईमेयाक्सान 30 प्रतिशत एफएस 2 लीटर स्कंध जब्ती कर सुपूर्दगी की कार्रवाई करते हुए आगामी आदेश तक विक्रय प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब तलब किया गया है। औचक निरीक्षण के दौरान कई दुकानों के शटर बंद पाए गए। उड़नदस्ता की टीम ने जिले के किसानों से अपील की है कि अवैध रूप से खाद, बीज एवं कीटनाशक का व्यवसाय करने वालों से सामग्री का क्रय न करें। सामग्री क्रय करने के उपरांत दुकानदार से पक्का बिल लेवें तथा अवैध तरीके से व्यवसाय करने वालों की सूचना विभाग को दें। उड़नदस्ता टीम की छापामार कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी अम्ब्रोस टोप्पो एवं अनिता एक्का, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एनके आइच, बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक निरीक्षक श्वेता पटेल, विनायक पांडेय एवं संतोष बेक तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सुरेंद्र अहिरवार व अमित सिंह उपस्थित रहे।

Categorized in: