मैनपाट में सामने आई अमर्यादित हरकतें, बगल से गुजर रही थी महिलाएं
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट, कमलेश्वरपुर में इन दिनों मानसूनी बारिश के बीच प्रकृति की खूबसूरती को देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। इधर मौसम का लुत्फ लेने के नाम पर नशे में धुत होकर बाइक सवारों के द्वारा हुड़दंग मचाने से मैनपाट जाने वाले पर्यटकों व यहां के रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नशे की हालत में ये बाइक सवार जहां एक ओर खतरनाक तरीके से वाहन चलाते नजर आते हैं, वहीं सार्वजनिक स्थल पर नाच, गाना करके अमर्यादित हरकत करते नजर आते हैं। हाल में इनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बुलेट सहित अन्य दोपहिया में सवार सरे राह ऐसी हरकत करते नजर आ रहे हैं, जिससे बगल से गुजर रही युवतियां शर्मिंदगी महसूस कर रही हैं। नशेड़ी बाइकर्स के कारण कमलेश्वरपुर, मैनपाट में कई हादसे भी हो चुके हैं। वहीं शराब के नशे में ये कब और किस पर्यटक से उलझ जाएंगे, महिलाओं, युवतियों के साथ मर्यादाहीन आचरण कर बैठेंगे, कह पाना मुश्किल रहता है। ऐसे तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि पर्यटक सपरिवार भयमुक्त वातावरण में छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट के मनोरम नजारा को देख सकें। पुलिसिया कार्रवाई में शिथिलता के कारण बाइकों को खूनी रफ्तार से दौड़ाने वाले लोगों का हौसला बढ़ा हुआ है।

Categorized in: