बीजापुर। जिस सड़क निर्माण में हुई गड़बड़ी की खबर लगाने पर पत्रकार मुकेश चंद्राकर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसी गंगालूर-मिरतुल सड़क निर्माण में अनियमितता में शामिल लोक निर्माण विभाग (PWD) के 5 अधिकारियों को बीजापुर पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने गंगालूर-मिरतुलसड़क निर्माण में गड़बड़ी मामले में गिरफ्तार पांच पीडब्ल्यूडी अधिकारी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में शामिल 2 रिटायर्ड ईई, ईई, एसडीओ और सब इंजीनियर को बीजापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

न्यायिक रिमांड में पुलिस करेगी पूछताछ
रिपोर्ट के मुताबिक गंगालूर-मिरतुल सड़क निर्माण में अनियमितता में गिरफ्तार किए गए पांचों पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें दो दिन के लिए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। न्यायिक रिमांड में पुलिस अब पांचों अधिकारियों से सड़क निर्माण में हुई अनियमितता को लेकर पूछताछ कर रही है।

पत्रकार हत्याकांड मामले में SIT पेश कर चुकी है चार्जशीट
गौरतलब है बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी कोर्ट के सामने अपनी चार्जशीट पेश कर चुकी है। एसआईटी ने केस डायरी सहित 1241 पन्नों का आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर मामले में सुरेश चंद्रकार, दिनेश चंद्रकार, रितेश चंद्रकार और महेन्द्र रामटेके को आरोपी बनाया है।

चार्जशीट में दावा सुरेश चन्द्रकार था मास्टर माइंड
चार्जशीट में दावा किया गया है कि मास्टर माइंड सुरेश चन्द्रकार द्वारा पत्रकार मुकेश चन्द्रकार की हत्या की योजना बनाई गई थी। आरोपी ठेकेदार सुरेश चन्द्रकार और उनकी साथियों के द्वारा नेलसनार- मिरतूर -गंगालूर सड़क निर्माण कार्य में अनियमित्ता के सम्बंध में पत्रकार मुकेश चंद्राकर द्वारा बनाया गया समाचार उनकी हत्या का मूल कारण बना।

Categorized in: