ईंधन के लिए जंगल में लकड़ी संग्रहित करने गया था
अंबिकापुर। वनकर्मियों के द्वारा लकड़ी लेने जंगल गए ग्रामीण के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। घटना को वन विभाग के बीटगार्ड और फायर वाचर के द्वारा अंजाम देने का आरोप पीड़ित लगा रहा है। घटना वन परिक्षेत्र अंबिकापुर और सूरजपुर जिले के लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत की है। मारपीट की रिपोर्ट ग्रामीण ने पुलिस चौकी में भी दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम फुलवारो निवासी शोभित चेरवा लकड़ी लेने के लिए अंबिकापुर वन परिक्षेत्र के खलीबा बीट के जंगल में गया था, यहां बीट गार्ड सुभाष पैकरा और फायर वाचर भगत राम के द्वारा हाथ बांधकर लाठी-डंडे और हाथ-मुक्का से उसकी बेरहमी से मारपीट की गई। बीट गार्ड व फायर वाचर के द्वारा की गई मारपीट में शोभित के पीठ, पैर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट में आहत शोभित राम चेरवा का कहना है कि, वह जंगल में जलाने के उपयोग के लिए लकड़ी संग्रहित करने गया था, तब उसे जंगल का सिपाही पकड़ा और फायर वाचर को बुला लिया। इस दौरान किए गए संघर्ष के बीच दोनों उसके पैर को बांधने की कोशिश में नाकाम रहे और दोनों हाथ बांधकर मारपीट करने लगे। लटोरी चौकी पुलिस ने ग्रामीण के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला संज्ञान में आने के बाद ग्रामीण की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर विधिवत जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: