वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे कार सवारों से लूटपाट की मंशा हुई विफल

अंबिकापुर-प्रतापपुर रोड में हथियारबंद बदमाशों का आतंक, पुलिस कर रही जांच

अंबिकापुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर रोड में गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर जंगल में मंगलवार की रात हथियार से लैस बाइक सवार बदमाशों ने एक ऑटो चालक को रोका और उसका मोबाइल लूट लिया, पुन: शादी समारोह से लौट रहे कार सवारों को निशाना बनाने की कोशिश की, हालांकि कार चालक ने सतर्कता बरतते हुए वाहन सहित इनके चंगुल से निकलने में सफल हो गया। घटना की है।

जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर निवासी ऑटो चालक धर्मेंद्र यादव मंगलवार को रात करीब 12.40 बजे अंबिकापुर से लौट रहा था। इसी दौरान 6 बाइकों में सवार दर्जन भर युवकों ने जंगल के पास उसे रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर पैसे की मांग की, और गोली मारने की धमकी दी।

धर्मेंद्र ने बताया कि उसके पास नकद रकम नहीं था। युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। बदमाशों के पास हथियार होने के कारण वह इनकी हरकतों का विरोध नहीं कर पाया। बदमाशों ने इसके बाद अंबिकापुर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे धरमपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल की कार को भी रोकने का प्रयास किया। कार की रफ्तार कम होते ही आरोपियों ने चालक पर पिस्टल तान दी, लेकिन मौके की नजाकत को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार की गति बढ़ा दी और इनकी लूटपाट की मंशा विफल हो गई। कार सवारों के निकलने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। धर्मेंद्र यादव के अनुसार बदमाश 6 दोपहिया वाहनों में सवार थे, इनमें से 4 के पास पिस्टल था। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।

मोबाइल लूट का मामला दर्ज

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि, ऑटो चालक ने अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग में मोबाइल लूट की घटना थाने में दर्ज कराई है। बदमाश 6 बाइकों में सवार थे, इनमें से कुछ के पास हथियार भी था। मामले में अपराध दर्ज करके अग्रिम विवेचना कार्रवाई की जा रही है।

Categorized in: