अंबिकापुर। जिले में युक्तियुक्तकरण का विरोध जारी है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सोमवार को शिक्षकों ने अपना दावाअपत्ति किया। इसके बाद मंगलवार को काउंसिलिंग होनी है, जिसका शिक्षकों ने विसंगति का आरोप लगाकर बहिष्कार का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि जिले में लगभग 250 स्कूलों को मर्ज किया गया है। जबकि एक हजार से ज्यादा शिक्षक अतिशेष हैं।
सरगुजा जिले में युक्तियुक्तकरण के काउंसलिंग से पहले शिक्षकों ने बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सोमवार को शिक्षक संघ ने कलेक्टर से मुलाकात कर युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में कई त्रुटियां बताते हुए इसके सुधार की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में हॉस्टल अधीक्षकों को इस सूची से बाहर रखा गया है, माध्यमिक शाला में कोई विषय बंधन नहीं रखा गया है, परीवीक्षा अवधि वाले शिक्षकों को अतिशेष की सूची में शामिल नहीं करना था लेकिन किया जा रहा है, हाई स्कूल वास हायर सेकेंडरी स्कूल में 2008 के सेटअप अनुसार अतिशेष काउंसलिंग का निर्देश है पर इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों ने कहा की युक्तियुक्तकरण विसंगतियों से भरा हुआ है इसका कोई आधार नहीं है। नियमों का पालन बगैर युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है। ऐसे करके शिक्षकों की रीड तोड़ी जा रही है। शिक्षकों ने मांग की है कि विसंगति को सुधार कर युक्तियुक्तकरण किया जाए।
*विभागीय अधिकारियों पर लगा आरोप*
जिला संयोजक शिक्षक साझा मंच सर्वजीत पाठक ने कहा कि नियमविरूद्ध युक्तियुक्तकरण कर शिक्षिकों को परेशान किया जा रहा है। बार-बार अतिशेष शिक्षक आखिर मिलते कहां से हैं। शिक्षा अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार कर ट्रांसफर कर अतिशेष किया जाता है। जिला शिक्षा अधिकारी के अमले द्वारा विसंगति किया जा रहा है। रविवार की रात को सूची जारी कर अगले दिन 12 बजे तक दावाआपत्ति की बात कही जाती है। जबकि कार्यालय 11 बजे खुलता है।
*कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के मर्ज की सूचना से भड़का आक्रोश*
युक्तियुक्तकरण में ग्राम करजी के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल एवं करीब 45 वर्ष पुराने प्राथमिक शाला के बंद होने की सूचना पर सोमवार को करजी क्षेत्र के ग्रामीणों एवं पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों का एक दल कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर अपनी आपत्ती दर्ज कराया है। ग्राम करजी का कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल करीब 45 वर्ष पुराना स्कूल है, जहां पर इंटर मीडियट स्तर पर कॉमर्स और गृहविज्ञान संकाय की कक्षाएं भी लगती है। इस स्कूल में 219 छात्राएं पढाई कर रही हैं जो, प्रदेश सरकार कथित युक्तियुक्तकरण की नई गाईडलाईन कम छात्र संख्या वाले के विपरीत एक बड़ी संख्या है। छात्राओं की शिक्षा के महत्व को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस शासनकाल में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भवन के विस्तार के लिये 3 करोड़ के निर्माण कार्य को स्वीकृति दिलायी थी, जिसके काम अभी चल रहे थे। ऐसे समय में इस स्कूल को युक्तियुक्तकरण के नाम पर समायोजित कर बंद किये जाने की खबर से क्षेत्रवासी आक्रोशित हैं। शिक्षा अधिकारी से मुलाकात में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे निवेदन किया है कि क्षेत्रवासियों की आपत्ती पर सकारात्मक रुख दिखलाते हुए ग्राम करजी के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल और प्राथमिक शाला को बंद करने के फैसले को बदलें, अन्यथा क्षेत्रवासी आन्दोलन के लिये बाध्य होंगे।
*शासन के निर्देश के अनुसार अगर एक ही परिसर में प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हायर सेकेंडरी स्कूल है तो उस स्कूल को मर्ज करने का निर्देश है। ताकि एक व्यक्ति पूरे स्कूल पर कंट्रोल कर सके। स्कूल बंद कोई नहीं हुए हैं।*
*अशोक सिन्हा, डीईओ*

Categorized in: