अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरापारा में दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी वाहन को एक युवती ने आग के हवाले कर दिया। आग लगाने के पहले वह एक स्कूटी को किनारे की, बाद में दूसरे स्कूटी वाहन में आग लगा दी। कुछ ही देर में स्कूटी वाहन जलकर खाक हो गई, वहीं पास ही खड़ी दूसरी स्कूटी वाहन का भी वाह्य हिस्सा आग के ताप से बुरी तरह से झुलस गया है। युवती की हरकत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक मायापुर, घुटरापारा में कलीम अंसारी का एसके सेनेटरी एंड हार्डवेयर नामक दुकान है। दुकान बंद होने के बाद यहां आसपास के लोग घर में जगह नहीं होने के कारण अपनी दोपहिया वाहनों को खड़ा कर देते हैं। सुबह लगभग 5 बजे कलीम अंसारी को मोबाइल फोन में सूचना मिली कि उनके दुकान के सामने खड़ी स्कूटी में आग लगा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो पड़ोस में रहने वाली अनु शर्मा का इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक हो गया था। पास में खड़ी एक अन्य स्कूटी का बाहरी हिस्सा आग के ताप से झुलस गया था। सीसीटीव्ही का अवलोकन करने पर पता चला कि एक लड़की दुकान के सामने खड़ी स्कूटी के पास पहुंचने के बाद एक स्कूटी को किनारे करने के बाद उसमें खड़ी होकर उछलकूद करने लगी, बाद में अनु शर्मा के स्कूटी वाहन में माचिस जलाकर आग लगा दी। ऐसे में दुकान संचालक ने अनु शर्मा से दुश्मनी की भावना से स्कूटी को आग के हवाले करने का अंदेशा व्यक्त किया है। वहीं अनु शर्मा का कहना है कि वह स्कूटी में आग लगाने वाली लड़की को नहीं पहचानती है। दिनभर शोरूम में एकाउंटेंट के काम में व्यस्त रहती है, जिस कारण किसी से उसका ज्यादा बातचीत भी नहीं होता है। बहरहाल घटना की जानकारी कोतवाली थाना में दी गई है, जिस पर पुलिस आग लगाने वाली युवती के पतासाजी में लगी है।

Categorized in: