शिकायतकर्ता बोले-पक्का मकान वालों का नाम, झोपड़ी वाले छूटे

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के सर्वे में अनियमितता को लेकर सरगुजा के जनपद पंचायत बतौली अंतर्गत गंभीर शिकायत लेकर क्षेत्र के ग्रामीण कलेक्टर सरगुजा से मिलने पहुंचे। इनके द्वारा लिखित शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया गया है कि, सर्वे के दौरान ऐसे लोगों के नाम सूची में जोड़ दिया गया, जिनके पास पहले से पक्का मकान है।
शिकायत में कहा गया कि, जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत कपाटबहरी में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए जो सर्वे किया गया उसमें वास्तविक हकदारों को छोड़ दिया गया। जिन परिवारों के पास रहने के लिए झोपड़ी तक नहीं है, उनका नाम सूची से बाहर कर दिया गया, वहीं जिनके पास पहले से पक्के मकान हैं उनका नाम सूची में शामिल किया गया है।
ग्रामीणों ने आवेदन के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया है कि, सर्वे सूची बनाते समय गांव के सरपंच व सचिव के द्वारा पारदर्शिता नहीं बरती गई। इससे योजना का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं मिल पाया है। शिकायत के साथ इन्होंने कई नामों की सूची भी शामिल की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सर्वे में छूटे हुए पात्र परिवारों को सूची में जोड़ा जाए। साथ ही अपात्र लोगों का नाम हटाकर असली हकदारों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ दिलाया जाए। फिलहाल इन्हें जिला प्रशासन से मामले में जांच का आश्वासन मिला है।

Categorized in: